अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने सुनने के बाद लोगों के कान खड़े हो गए। ट्रंप ने साफ कहा है कि वह अपने कुछ दुश्मनों को कभी माफ नहीं कर पाएंगे। यहां तक कि अगर उन्हें मरने से पहले माफी मांगने या किसी को माफ करने का मौका भी मिले, तब भी उनका जवाब 'नहीं' ही होगा।
इंटरव्यू में पत्रकार ने ट्रंप से किया था यह सवाल
दरअसल, रविवार रात अमेरिकी चैनल CBS News के चर्चित कार्यक्रम '60 Minutes' में ट्रंप का इंटरव्यू ब्रॉडकास्ट हुआ। इस दौरान पत्रकार रॉस डाउथाट ने उनसे पूछा कि क्या वह जेम्स कोमी और नैन्सी पेलोसी जैसे अपने राजनीतिक विरोधियों को माफ कर सकते हैं? उनसे यह भी पूछा गया कि क्या वह अपनी डेथबेड पर भी ऐसा कर पाएंगे?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इराक के सबसे बड़े 'खोर मोर' गैस फील्ड पर बड़ा ड्रोन हमला
सवाल पर क्या था ट्रंप का जवाब
इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि वह अपने देश के लोगों से अपने दुश्मनों के मुकाबले कहीं ज्यादा प्यार करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके हिसाब से बेहद बेईमान हैं और उन्होंने अमेरिका को बहुत नुकसान पहुंचाया है। ट्रंप ने कहा, "जवाब नहीं है। मैं ईमानदार रहना चाहता हूं। कुछ बहुत बुरे लोग हैं, जिनसे मुझे नफरत है। मैं अपने कुछ दुश्मनों से नफरत करता हूं और शायद ऐसा हमेशा करता रहूंगा। मैं उन्हें मरते दम तक माफ नहीं करूंगा।"
स्वर्ग जाने को लेकर भी कही ये बात
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप से यह भी पूछा गया कि मृत्यु के बाद उनके साथ क्या होगा? क्या उन्हें लगता है कि वह स्वर्ग जाएंगे? इस पर उन्होंने कहा कि वह एक धार्मिक व्यक्ति हैं और सिद्धांत के तौर पर उन्हें लगता है कि वह स्वर्ग जाएंगे। हालांकि, अपने विरोधियों को माफ न करने वाले बयान के कारण ट्रंप की यह बातचीत चर्चा में आ गई है।
कौन हैं ट्रंप के निशाने पर रहे लोग?
ट्रंप ने जिन लोगों का नाम लिया, उनमें जेम्स कोमी और नैन्सी पेलोसी जैसे बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हैं। कोमी अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI के पूर्व निदेशक रह चुके हैं। उन्होंने ट्रंप और रूस के बीच संबंधों की शुरुआती जांच को लीड किया था। इसके बाद से ही दोनों के बीच तनाव रहा है। CBS News की रिपोर्ट के मुताबिक, कोमी को सितंबर 2025 और अप्रैल 2026 में दो अलग-अलग मामलों में अभियोग का सामना करना पड़ा। हालांकि, पहला मामला खारिज हो गया, जबकि दूसरा मामला अभी जारी है। उनके खिलाफ संभावित तीसरे अभियोग को लेकर भी कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। वहीं, लेटिटिया जेम्स न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल रह चुकी हैं। उनके कार्यालय ने साल 2022 में ट्रंप संगठन के खिलाफ नागरिक धोखाधड़ी का मामला जीता था। इसके बाद उन्हें भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा, लेकिन एक न्यायाधीश ने उनके खिलाफ लगे आरोपों को खारिज कर दिया।
ट्रंप के आलोचकों में से एक जॉन बोल्टन
इसके अलावा, जॉन बोल्टन ट्रंप के पहले कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रह चुके हैं। ट्रंप के साथ मतभेदों के बाद वह उनके आलोचक बन गए थे। CBS News के मुताबिक, क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स से जुड़े मामले में उन्होंने जून में अपना जुर्म स्वीकार किया था और उनकी सजा अगले महीने तय होनी है।
