बिहार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विदायी की घड़ी नजदीक आ गई है। उन्होंने हाल ही में राज्यसभा चुनाव में जीत मिलने के बाद 30 मार्च 2026 को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं और जल्द ही बिहार के नए मुख्यमंत्री का नाम भी तय हो सकता है। माना जा रहा है कि कल यानी बुधवार 8 अप्रैल को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हो सकती है।
दिल्ली में राज्यसभा सदस्य की शपथ लेंगे नीतीश कुमार
Nitish Kumar के राज्य विधान परिषद से इस्तीफे के साथ ही राज्य में नई सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई थी, जो अब तेज हो गई है। कल बुधवार को नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हो सकती है। इसके बाद गुरुवार 9 अप्रैल को वह दिल्ली जा सकते हैं। 10 अप्रैल को नीतीश कुमार दिल्ली में Rajya Sabha की सदस्यता के लिए शपथ लेंगे।
CM पद छोड़ने की आधिकारिक जानकारी देंगे नीतीश कुमार
शनिवार 11 अप्रैल को नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार लौटेंगे। इसी दिन एनडीए के सभी विधायकों की बैठक होगी। NDA के सभी विधायकों को 11 अप्रैल को पटना में रहने को कहा गया है। रविवार 12 या सोमवार 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानमंडल दल की बैठक बुला सकते हैं। इस बैठक में ही वह सीएम पद छोड़ने के फैसले की जानकारी आधिकारिक तौर पर देंगे।
10 बार के मुख्यमंत्री नीतीश देंगे इस्तीफा
इसके बाद वह राज्यपाल से मिलकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। इसी के साथ बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दौर समाप्त हो जाएगा। नीतीश कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में जीत के बाद रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। नीतीश के इस्तीफे के साथ बिहार में एक युग का अंत हो जाएगा।
नीतीश के बाद नए युग की शुरुआत होगी
नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ ही बिहार में नई सरकार बनाने की कवायद भी शुरू हो जाएगी। एनडीए के विधायकों की बैठक होगी और इसी बैठक में विधायक दल का नेता भी चुना जाएगा। विधायक मिलकर जिसे भी विधायक दल का नेता चुनेंगे, वही बिहार का नया मुख्यमंत्री भी होगा। विधायक दल के नेता का चुनाव होने के बाद राज्यपाल के पास विधिवत सरकार गठन के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा और उसके बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।
