शहर

Weather Update: दिल्ली में बढ़ी सर्दी, 10 डिग्री तक पहुंचा पारा, 5 राज्यों में सर्दी का सितम, जानें देशभर के मौसम का हाल

Weather Update: दिल्ली में आज इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज हुई। राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का असर बढ़ गया है। जबकि उत्तर भारत में कोहरे और दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट है।

Image

दिल्ली में पारा गिरा, साउथ में बारिश, ऐसा है देशभर में मौसम का हाल

Weather Update: दिल्ली-NCR सहित समूचे उत्तर भारत में देर से ही सही, लेकिन अब सर्दी का असर बढ़ने लगा है। राजधानी दिल्ली में आज यानी बुधवार 25 नवंबर को इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का असर दिखाई देने लगा है। दोनों राज्यों के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में पारा और गिर सकता है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना है।

दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह

दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सफदरजंग मौसम केंद्र पर यह तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। कल यानी मंगलवार 24 नवंबर के मुकाबले इसमें 1.2 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है।

दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी ठंड का असर अब दिखने लगा है। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री, आया नगर में 10.4 डिग्री, पालम में 11 डिग्री और रिज में 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज हल्का कोहरा छाने और अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

हालांकि, ठंड बढ़ने के साथ दिल्ली की हवा भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह शहर का औसत AQI 224 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। चार मॉनिटरिंग स्टेशन पर हवा की गुणवत्ता बहुत खराब रही।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर

राजस्थान और मध्य प्रदेश में उत्तरी हवाओं के चलते रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। राजस्थान में सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, मध्य प्रदेश में शाजापुर जिले के गिरवर में तापमान 8.4 डिग्री दर्ज हुआ।

राजस्थान के नागौर, सीकर, अलवर और अजमेर में सुबह-शाम शीतलहर का असर साफ दिख रहा है। दूसरी तरफ, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में दिन का पारा 31 डिग्री तक चढ़ रहा है। मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में भी ठंड बढ़ रही है।

पहाड़ों पर माइनस में पहुंचा पारा

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। उत्तराखंड के गंगोत्री में आज सुबह तापमान -11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कश्मीर के पहलगाम में पारा -4.6 डिग्री रहा।जबकि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान -1.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।

हिमाचल प्रदेश में चंबा का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री और सोलन का 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण मंडी की बल्ह घाटी, सुंदरनगर, बिलासपुर और सुजानपुर में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई।

दो दिन बारिश-कोहरे का अलर्ट

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी गुरुवार 26 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का यलो अलर्ट है। जबकि शुक्रवार 27 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में कोहरे का असर जारी रह सकता है। वहीं, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरलम में 26 व 27 नवंबर को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

यूपी, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी गिरेगा पारा

उत्तर प्रदेश में पहाड़ों की बर्फबारी का असर दिख रहा है। हरदोई में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 9.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक सप्ताह में राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। झारखंड में भी अगले तीन दिनों में पारा 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। रांची में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा।

पंजाब में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाने की संभावना है। पठानकोट में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री रहा। उत्तराखंड में आगामी 2 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि पहाड़ी इलाकों में पाला पड़ने से सुबह और रात की ठंड बढ़ने का अनुमान है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article