शहर

Hoshiarpur: सोनालिका ट्रैक्टर फैक्ट्री के अंदर घुसा तेंदुआ, दहशत के बीच कर्मचारियों को दी गई छुट्टी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Hoshiarpur Leopard News: पंजाब के होशियारपुर स्थित सोनालिका इंटरनेशनल ट्रैक्टर फैक्ट्री में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकालकर छुट्टी दे दी गई है और वन विभाग की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।

Image

बीती रात से फैक्ट्री में घूम रहा तेंदुआ

Photo : Times Now Digital

Hoshiarpur News: पंजाब के होशियारपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां स्थित प्रसिद्ध ट्रैक्टर निर्माता कंपनी सोनालिका इंटरनेशनल के फैक्ट्री परिसर के भीतर एक खूंखार तेंदुआ घुस आने से कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और कंपनी प्रबंधन तुरंत हरकत में आ गए। सुरक्षा और एहतियात के तौर पर फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया और शिफ्ट रद्द कर छुट्टी दे दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बीती रात से फैक्ट्री परिसर के भीतर मौजूद है तेंदुआ

फैक्ट्री में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। सोनालिका फैक्ट्री के कर्मचारी अतुल शर्मा ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। कर्मचारी अतुल शर्मा ने बताया कि तेंदुआ बीती रात से ही फैक्ट्री परिसर के अंदर मौजूद है। सुबह जब इसकी पुष्टि हुई तो प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिसर खाली करा दिया। फैक्ट्री का एरिया बहुत बड़ा है और अंदर भारी-भरकम मशीनरी व बड़े उपकरण लगे हुए हैं, जिसके कारण तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाने और उसे ट्रैंकुलाइज करने में कठिनाई आ रही है।

वन विभाग की टीम मौके पर, पूरे इलाके की घेराबंदी

सूचना मिलते ही पंजाब वन विभाग और वन्यजीव संरक्षण की विशेष टीमें जाल, ट्रैंकुलाइजर गन और पिंजरों के साथ सोनालिका फैक्ट्री पहुंच चुकी हैं। तेंदुए के फैक्ट्री से बाहर आसपास के रिहायशी इलाकों में भागने के खतरे को देखते हुए पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी गई है। फैक्ट्री शेड के भीतर ऊंची क्रेन, बड़ी मशीनों और डक्टिंग पाइपों के जाल के कारण वन्यजीव टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में काफी सतर्कता बरतनी पड़ रही है। फिलहाल वन विभाग के विशेषज्ञ तेंदुए को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बेहोश करके पकड़ने और जंगल में छोड़ने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article