शहर

Jammu Kashmir News: 5 पाकिस्तानी आतंकियों की जमीन जब्त करेगी पुलिस, कार्रवाई शुरू

जम्मू-कश्मीर पुलिस रियासी में पांच पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों की 28 कनाल से ज्यादा जमीन जब्त करने की कार्रवाई कर रही है। DGP नलिन प्रभात ने UAPA के तहत कार्रवाई को मंजूरी दी है।

Image

आतंकवादियों की जमीन होगी जब्त

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ राज्य पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रियासी जिले में पाकिस्तान स्थित पांच आतंकवादियों की अचल संपत्तियां अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, DGP नलिन प्रभात ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 25 के तहत इन संपत्तियों को अटैच करने की पूर्व मंजूरी दे दी है।

यह कार्रवाई रियासी जिले के माहौर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 70/2024 से जुड़ी है। पुलिस का आरोप है कि पांचों व्यक्ति पाकिस्तान में रहकर जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को दोबारा एक्टिव करने की कोशिश कर रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वे अपनी जमीन बेचने की तैयारी में थे और इससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकवाद की फंडिंग करने के लिए किया जाना था।

1991 से 2003 के बीच पाकिस्तान जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जानकारी मिली कि माहौर और चसाना इलाके के कुछ लोग 1991 से 2003 के बीच हथियार और गोला-बारूद चलाने की ट्रेनिंग लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे। आरोप है कि इनमें से कुछ लोग पाकिस्तान में रहकर आतंकी संगठनों के लिए काम कर रहे हैं।

पुलिस की जांच में पांच ऐसे आतंकियों की पहचान की गई है, जिन पर सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद और आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के जरिए जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप है।

किन पांच लोगों की संपत्ति होगी अटैच?

पुलिस के आदेश में जिन पांच आतंकियों के नाम शामिल हैं, उनमें मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम (शादोल, माहौर), बशीर अहमद उर्फ मासूम (बिद्दर), शौकत अली (हुंदर, अरनास), मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैन (खांती, थूरू) और इम्तियाज अहमद (थूरू) शामिल हैं।

इनकी कुल 28 कनाल 14.5 मरला जमीन अटैच करने के लिए चिह्नित की गई है। इसमें मोहम्मद कय्यूम की 2 कनाल 7.5 मरला, बशीर अहमद की 3 कनाल 8 मरला, शौकत अली की 3 कनाल 10 मरला, मंजूर अहमद की 15 कनाल 19 मरला और इम्तियाज अहमद की 3 कनाल 10 मरला जमीन शामिल है।

UAPA के तहत कार्रवाई, अधिकारियों को निर्देश

DGP की मंजूरी के बाद आदेश को SDPO माहौर के पास जरूरी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। ADG CID, IG जम्मू जोन और SSP रियासी को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस के मुताबिक, इन संपत्तियों को आतंकवाद से अर्जित आय के दायरे में माना गया है। इस कार्रवाई का मकसद कथित आतंकियों की आर्थिक गतिविधियों पर रोक लगाना और जमीन की बिक्री से मिलने वाली रकम को आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल होने से रोकना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article