शहर

री-NEET में टॉयलेट में चीटिंग करते पकड़ा गया छात्र, एग्जाम सेंटर में ऐसे लेकर पहुंचा मोबाइल

हैदराबाद में NEET री एग्जाम के दौरान एक 18 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर मोबाइल फोन से नकल करते हुए पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार छात्र ने शौचालय में मोबाइल छिपा दिया और परीक्षा के दौरान उत्तर खोजने लगा। स्कूल प्रशासन की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Image

re neet exam cheating

NEET Re-Exam 2026: हैदराबाद में 21 जून को आयोजित NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल हुए 18 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर नकल करने के आरोप में हिरासत में लिया गया। आरोपी छात्र को शौचालय में अपने मोबाइल फोन पर उत्तर खोजते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

हैदराबाद पुलिस के अनुसार, अचम्पेट निवासी यह छात्र आदिबटला पुलिस थाना क्षेत्र के रागण्णागुडा में स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में सुबह करीब सात बजे आया था। उसने शौचालय के स्कूल की परिसर की दीवार से सटे होने के कारण उसके रोशनदान तक पहुंच बनाई और वहां एक मोबाइल फोन रख दिया। इसके बाद दोपहर 11 बजे वह दोबारा शौचालय गया और फोन को एक जिप-लॉक कवर में बंद करके फ्लश टैंक के अंदर छिपा दिया।

पेट दर्द का बहाना बनाकर शौचालय गया छात्र

पुलिस ने बताया, ’’हालांकि पुलिस टीम ने सुबह छह बजे और फिर 11 बजे पूरे परिसर का दो बार गहन निरीक्षण किया था, और प्रवेश द्वार पर सभी अभ्यर्थियों की सख्त तलाशी भी ली गई थी, लेकिन शुरुआती जांच के दौरान फ्लश टैंक के अंदर छिपाए गए फोन का पता नहीं लगाया जा सका।’’ परीक्षा के दौरान, आरोपी छात्र ने पेट दर्द की शिकायत की और शौचालय जाने का अनुरोध किया।

मोबाइल से नकल करते रंगे हाथ पकड़ा गया छात्र

पुलिस ने बताया कि यह शौचालय पूरे केंद्र के लिए एकमात्र सामान्य सुविधा थी, जो स्कूल की मुख्य इमारत से काफी दूर स्थित है।

जब परीक्षक ने गौर किया कि छात्र शौचालय से काफी देर तक नहीं लौटा तो उन्होंने जांच के लिए कुछ कर्मचारियों को भेजा। पुलिस ने कहा कि आरोपी को शौचालय के अंदर मोबाइल फोन से उत्तर खोजते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल फोन जब्त कर लिया।

फोन की गहन जांच से पता चला कि वह उत्तर खोजने के लिए केवल गूगल का उपयोग कर रहा था, और इंस्टाग्राम के अलावा उसमें कोई अन्य संदिग्ध एप्लिकेशन चालू नहीं थी। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है और वर्तमान में वह पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने बताया कि स्कूल प्रशासन की शिकायत के बाद, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article