शहर

पुणे में छात्रावास के कमरे में NDA कैडेट का शव मिला, परिजन ने सीनियर्स पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

Pune NDA Cadet Death: पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई पत्र नहीं मिला है, लेकिन प्रारंभिक जांच से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।

Image

छात्रावास के कमरे में NDA कैडेट का शव मिला (प्रतीकात्मक फोटो: istock)

Pune NDA Cadet Death: प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के प्रथम वर्ष का एक कैडेट शुक्रवार तड़के यहां अकादमी के छात्रावास में अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मामले में आत्महत्या की आशंका जताई है।कैडेट के परिजन ने आरोप लगाया कि वरिष्ठों द्वारा प्रताड़ित किये जाने के कारण उसने यह कदम उठाया।एनडीए ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवासी कैडेट 18 साल के अंतरिक्ष कुमार सिंह की मौत की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ (COI) के आदेश दे दिए गए हैं।पुलिस के अनुसार, अंतरिक्ष के सहपाठियों ने सुबह उसे उसके कमरे में फंदे से लटका देखा।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई पत्र नहीं मिला है, लेकिन प्रारंभिक जांच से आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।

हालांकि, अंतरिक्ष के परिजन ने आरोप लगाया कि अकादमी में उसके वरिष्ठ उसे परेशान करते थे और उन्होंने हाल ही में एनडीए अधिकारियों के सामने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया कि वह उत्पीड़न से परेशान था और पुणे शहर के बाहरी इलाके में स्थित अकादमी में वह अपना प्रशिक्षण जारी नहीं रखना चाहता था।

अंतरिक्ष के मामा और सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी ए. पी. सिंह ने कहा, 'हाल ही में उसने अपनी मां से कुछ वरिष्ठों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की थी। इसके बाद परिवार ने यह बात अकादमी के अधिकारियों तक पहुंचाई। उसकी मां और दादी नवरात्रि से पहले एनडीए पहुंचे तथा वहां समस्या बताई। एनडीए अधिकारियों ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी और कार्रवाई का आश्वासन दिया था।'

उन्होंने कहा, 'अंतरिक्ष ने दोपहर में अपनी मां से बात की थी, लेकिन ऐसा लगता है कि शाम को कुछ हुआ होगा, क्योंकि वहां कोई पार्टी हो रही थी। ऐसा लगता है कि पार्टी के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिससे अंतरिक्ष बहुत दुखी हो गया और उसने यह कदम उठा लिया।'एनडीए ने एक बयान में कहा कि प्रथम वर्ष के कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह की शुक्रवार तड़के मौत हो गई।

बयान में कहा गया, 'एनडीए में प्रशिक्षण ले रहे कैडेट को उसके साथी कैडेट ने उसके केबिन में मृत अवस्था में पाया। वह आज प्रशिक्षण के लिए नहीं पहुंचा था। कैडेट को तुरंत खड़कवासला के सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 6.30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article