शहर

‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने पर महिला आयोग का बड़ा एक्शन, नोरा-संजय दत्त समेत कई दिग्गजों को समन

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने 'सरके चुनर तेरी सरके' और 'टटिहारी' गानों में कथित अश्लीलता को लेकर सख्त कार्रवाई की है। जिसके तहत नोरा फतेही, संजय दत्त और बादशाह समेत इस गाने से जुड़े अन्य लोगों को समन जारी किया गया है। इन्हें 24 और 25 मार्च को पेश होने का आदेश दिया गया है और अनुपस्थिति पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Image

सरके चुनर गाने के लिए नोरा-संजय दत्त समेत कई दिग्गजों को नोटिस

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने हाल ही में दो गानों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े नामों को समन जारी किया है। आयोग ने 'सरके चुनर तेरी सरके' और 'टटिहारी/तत्तिरी' गानों में कथित अश्लीलता और अभद्र कंटेंट को लेकर स्वतः संज्ञान लिया है। इस मामले में नोरा फतेही, संजय दत्त और बादशाह समेत कई बड़े सेलेब्रिटीज को 24 और 25 मार्च को आयोग के सामने पेश होने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी है कि तय तारीख पर अनुपस्थित रहने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरके चुनर गाने के लिए इन सेलेब्रिटीज को समन

सरके चुनर गाने के लिए आयोग ने नोरा फतेही, संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम, निर्माता वेंकट के. नारायण और निर्देशक किरण कुमार को नोटिस जारी किया है। इन सभी को 24 मार्च 2026 को दोपहर 12:30 बजे आयोग के समक्ष पेश होने का आदेश दिया गया है। आयोग का कहना है कि गाने की सामग्री पहली नजर में अश्लील, यौन संकेतों से भरपूर और भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट व POCSO एक्ट के संभावित उल्लंघन जैसी प्रतीत होती है।

बादशाह को टटिहारी गाने के लिए नोटिस

वहीं, दूसरे मामले में 'टटिहारी/तत्तिरी' गाने को लेकर भी आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिसके तहत सिंगर और रैपर बादशाह उर्फ आदित्य परीक सिंह सिसोदिया, डायरेक्टर माही संधू, जोबन संधू और प्रोड्यूसर हितेन को समन जारी किया गया है। इन्हें 25 मार्च 2026 को दोपहर 12:30 बजे आयोग के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है। आयोग ने इस गाने को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ और कानूनों का उल्लंघन मानते हुए यह एक्शन लिया है। NCW ने यह भी चेतावनी दी है कि दोनों मामलों में यदि कोई भी व्यक्ति तय तारीख पर पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article