शहर

Nalanda Accident: मलमास मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं के ऑटो में ट्रक ने मारी टक्कर, महिला-बच्चे समेत 4 की मौत

Nalanda Accident: बिहार के नालंदा में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजगीर मलमास मेला से कुंड स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के ऑटो में ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी, महिला और बच्चे समेत 4 की मौके पर ही मौत हो गई है।

Image

हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत

Nalanda Accident: बिहार के नालंदा जिले से रविवार की सुबह एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक और सवारी ले जा रहे ऑटो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक बच्चे सहित कुल 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लोहे के मलबा भर रह गया। यह पूरी घटना छबीलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले साइडपर स्थित केके पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास की है।

मलमास मेले में कुंड स्नान कर लौट रहे थे श्रद्धालु

मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग राजगीर में चल रहे प्रसिद्ध मलमास मेले में गए हुए थे। वहाँ पवित्र कुंड में स्नान और पूजा-अर्चना करने के बाद सभी लोग वापस अपने पैतृक गांव 'कोचरा' लौट रहे थे। ऑटो अभी केके पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। हादसे के वक्त ऐसा लगा जैसे जोरदार धमाका हुआ हो।

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार, लगा लंबा जाम

हादसे के ठीक बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। इस भयानक भिड़ंत के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और देखते ही देखते लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही छबीलापुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ऑटो में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

थानाध्यक्ष ने की 4 मौतों की पुष्टि, जांच में जुटी पुलिस

छबीलापुर थानाध्यक्ष ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए इस दुर्घटना में 4 लोगों के मौके पर ही दम तोड़ने की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिसके बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को ट्रैक से हटाकर यातायात को सामान्य कराया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article