शहर

झारखंड में मौसम बना जानलेवा! बिजली गिरने से सात लोगों की मौत

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। ये घटनाएं रांची, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में हुईं। जिनमें अधिकांश पीड़ित खेतों में काम कर रहे थे।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Jharkhand News: झारखंड में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। जहां पिछले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने की घटनाओं में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये हादसे रांची, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में हुए। अधिकांश पीड़ित लोग खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गए। इन हादसों के बाद पीड़ित परिवारों में शोक का माहौल है।

खेतों में काम कर रहे लोगों पर गिरी बिजली

जानकारी के अनुसार, मृतकों में दो-दो लोग रांची और गढ़वा जिलों के हैं, जबकि अन्य घटनाएं चतरा, गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां जिलों में हुईं। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार सुबह ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’पिछले 24 घंटों में झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बिजली गिरने से कम से कम सात लोगों की जान गई है।’’ पिठौरिया थाने के उपनिरीक्षक सत्यदेव प्रसाद ने बताया, ’’रांची जिले में दो लोगों की मौत हुई है। उनकी पहचान बधु गांव के जीतू महली (55) और कटमकुली गांव की निराशो देवी (33) के रूप में हुई है। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई।’’ उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार, गढ़वा जिले में भी दो लोगों की मौत हुई। मृतकों की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडी गांव निवासी रीना देवी (30) और केतार थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी रामअवतार पाल (65) के रूप में हुई है।

झारखंड में कहां-कहां हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को झारखंड के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। संताल परगना और कोयलांचल के सात जिलों में कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश हुई। वहीं गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में अच्छी बारिश देखने को मिली। लेकिन धनबाद, बोकारो, दुमका और पाकुड़ में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। प्रदेश की राजधानी रांची में भी दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article