Munger Lok Sabha Election: बिहार की मुंगेर लोकसभा सीट (Munger Lok Sabha Seat) अहम सीटों में से एक है। इस सीट से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पार्टी के दिग्गज नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह (Lalan Singh) चौथी बार ताल ठोक रहे हैं। ललन सिंह ने इस सीट से दो बार जीत दर्ज की है। पहली बार 2009 और दूसरी बार 2019 में ललन सिंह को यहां से जीत मिली थी। इस बार भी वह चुनाव मैदान में उतरे। इस बार मुंगेर लोकसभा सीट पर काफी दिलचस्प मुकाबला है, क्योंकि राजद ने यहां से बाहुबली अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी (Anita Devi) को चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि बाहुबली अशोक महतो (Ashok Mahto) ने 62 साल की उम्र में इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए अनीता देवी से शादी की, जिसके बाद राजद ने अनीता देवी को मुंगेर से अपना प्रत्याशी बनाया। बता दें कि नए परिसीमन के बाद 2009 के बाद से मुंगेर भूमिहार बाहुल्य सीट बन गया। इस सीट पर भूमिहार वोटर्स का अच्छा खासा वर्चस्व है। ऐसे में राजद ने अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी को टिकट देकर इस सीट पर जातिवाद का एंगल बनाया है। हालांकि, राजद का जातिवाद एंगल काम किया है या नहीं इसका फैसला तो मतगणना के बाद ही होगा। मुंगेर लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 13 मई को वोटिंग हुई थी। माना जा रहा है कि मुंगेर लोकसभा सीट पर ललन सिंह और अनीता देवी के बीच सीधी टक्कर है।
मुंगेर लोकसभा सीट से उम्मीदवार कौन-कौन हैं?
मुंगेर लोकसभा सीट (Munger Lok Sabha Seat) से जदयू ने वर्तमान सांसद और पार्टी के दिग्गज नेता ललन सिंह को उम्मीदवार बनाया। वह अब तक दो बार सांसद रहे हैं। अगर इस बार जीतते हैं तो तीसरी बार सांसद बनेंगे। वहीं, उनका मुकाबला राजद उम्मीदवार अनीता देवी से है। बसपा ने भी इस सीट अपना उम्मीदवार उतारा है। बसपा ने कुमार नवनीत हिमांशु को टिकट दिया है। इसके साथ ही कई अन्य पार्टियों से भी उम्मीदवार यहां से चुनाव लड़े हैं।
- राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह- जदयू
- अनीता देवी- राजद
- कुमार नवनीत हिमांशु- बसपा
- रविन्द्र मंडल- एसयूसीआई
- कुलदीप यादव- हिंदपीपीपी(डी)
- ए. के. सिंह 'अशोक'- निर्दलीय
- आदित्य सिंह मधुकर- निर्दलीय
- नीतीश कुमार- निर्दलीय
- पंकज कुमार- निर्दलीय
- प्रवल कुमार- निर्दलीय
- प्रियदर्शी पीयूष- निर्दलीय
- शंकर प्रसाद बिंद- निर्दलीय
राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह
राजीव रंजन वर्तमान में मुंगेर के सांसद हैं। 2019 में उन्होंने कांग्रेस के नीलम देवी को हराया था। वहीं, 2014 में लोजपा प्रत्याशी वीणा देवी के हाथों हार हुई थी। ललन सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेताओं में से एक हैं। जदयू में एक समय ऐसा आया, जब ललन सिंह पार्टी से नाराज हो गए थे, लेकिन 2013 में नीतीश कुमार ने उनसे बातचीत की और दोनों की बात बन गई। इसके बाद 2014 में उन्हें जदयू ने मुंगेर से प्रत्याशी बनाया। हालांकि, उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। ललन सिंह राज्यपाल कोटा के तहत बिहार विधान परिषद के सदस्य नामित हो चुके हैं। जीतन राम मांझी सरकार में उन्हें बिहार में मंत्रालय भी मिला था। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में ललन सिंह फिर से मुंगेर से चुनावी मैदान में है।
अनीता देवी
अनीता देवी को राजद ने मुंगेर लोकसभा सीट से टिकट दिया है। अनीता देवी बाहुबली अशोक महतो की पत्नी है। अशोक महतो ने लोकसभा चुनाव से पहले अनीता देवी से शादी की, जिसके बाद अनीता देवी को राजद से टिकट मिला। अशोक महतो नवादा के रहने वाले हैं और उन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिस वजह से उन्होंने 17 साल जेल में बिताए और जेल से बाहर निकलने के बाद अनीता देवी से शादी की। अनीता देवी दिल्ली के आरके पुरम में रहती थी। वह मुंगेर से ललन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रही।
