Mumbai Rain News: मुंबई में मंगलवार देर रात से हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव देखने को मिल रहा है। जिसके कारण अंधेरी, मलाड, मिलन और खार सबवे को देर रात करीब 3 बजे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया। हालांकि बुधवार सुबह इन्हें फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अगले कुछ घंटों के लिए मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
जलभराव के कारण सड़कों को किया गया बंद
मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण किंग्स सर्कल समेत कई इलाकों में सड़कों पर लबालब पानी भर गया। जिसके कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरी अंडरपास में भी बारिश से गंभीर जलभराव देखने को मिला, जिसकी वजह से उसे कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। एक बीएमसी कार्यकर्ता ने बताया कि अंडरपास बंद होने के बावजूद कुछ वाहन चालक अंदर जाने की कोशिश करते रहे। एक ऑटो चालक का वाहन बीच पानी में फंस गया था। जिससे उसकी जान खतरे में पड़ गई थी, हालांकि बीएमसी कर्मियों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जलाशयों में बढ़ा पानी का स्तर
शहर में हो रही झमाझम बारिश का असर जलाशयों पर भी नजर आ रहा है। लगभग सूखने की कगार पर पहुंच चुकी पवई झील फिर से पानी से लबालब भर गई है। इससे मुंबई के संभावित जल संकट में कुछ राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
गौरतलब है कि पिछले तीन सप्ताह से जलाशयों में पानी की कमी देखने को मिल रही थी। जिसके कारण बीएमसी की ओर से मुंबई में पानी की आपूर्ति में 30 प्रतिशत कटौती की जा रही थी। हालांकि मंगलवार से हो रही तेज बारिश के बाद जलस्तर में सुधार नजर आ रहा है। इससे आने वाले दिनों में जलापूर्ति की स्थिति बेहतर हो सकती है।
