शहर

Mumbai Rain: नए साल पर मुंबई वालों को मौसम का सरप्राइज, सुबह-सुबह हुई झमाझम बारिश

मुंबई में नए साल की शुरुआत बारिश के साथ हुई। शहर के अलग-अलग इलाकों में कहीं तेज बारिश देखने को मिली, तो कहीं छिटपुट बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज मुंबई में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही बारिश भी हो सकती है। ऐसे में घर से बाहर छाता लेकर ही निकलें।

Image

मुंबई में नए साल पर हुई बारिश (ANI)

Photo : ANI

Mumbai Weather: मुंबई में नए साल 2026 की शुरुआत बादलों से लदे आसमान और बारिश के साथ हुई। बुधवार तड़के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में सुबह-सुबह छिटपुट बारिश हुई। मुलुंड, दादर जैसे इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि लालबाग में करीब 15 मिनट तक भारी बारिश देखने को मिली। शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। जिससे मौसम भी ठंडा हो गया है।

मुंबई में जनवरी माह में बारिश होना असमान्य है। ऐसे में नए साल के पहले दिन हुई बारिश लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। कई लोगों ने बारिश से भीगी सड़कों और बादलों से ढके आसमान के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए। IMD के मुताबिक, इस बारिश के कारण मुंबई में प्रदूषण के स्तर में कमी आने और हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई, जिससे शहर के आमतौर पर उमस भरे मौसम के बीच सर्दी का अहसास भी हुआ।

मुंबई में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में 1 जनवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही धुंध भी छाई रह सकती है। गुरुवार को दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आने वाले दिनों में मौसम साफ होने के आसार हैं। साथ ही तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, नए साल की सुबह हुई इस अप्रत्याशित बारिश के कारण मुंबईकरों की योजनाओं में थोड़ा खलल जरूर डाला है। ऐसे बारिश के मौसम के बीच लोगों को छाते के साथ बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article