शहर

Mumbai Rain: मूसलाधार बारिश से मुंबई बेहाल, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट; विहार झील हुई ओवरफ्लो

मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा, तेज हवाओं और भूस्खलन की घटनाओं के बीच मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

मुंबई में बुधवार के लिए भी जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट (फोटो- PTI)

Photo : PTI

Mumbai Rain: मुंबई में मंगलवार को सुबह घने बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। हालांकि, सुबह कोई खास बारिश नहीं हुई जिससे दो दिनों की भारी बारिश के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि शहर में लगातार बारिश ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। वहीं मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जो बुधवार को भी प्रभावी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर मुंबई में मंगलवार को सभी सरकारी, प्राइवेट के साथ-साथ नगर निगम संचालित स्कूल और कॉलेज बंद रहे। लगातार हो रही बारिश की वजह से सोमवार को मुंबई और आस-पास के जिलों में जनजीवन लगभग ठप हो गया। कई सड़कें पानी में डूब गईं, पेड़ उखड़ गए और दीवार व बिलबोर्ड गिरने की कई घटनाएं सामने आईं। पालघर जिले का विरार-वसई खंड सोमवार सुबह से ही जलमग्न था, हालांकि शाम तक बारिश की गति धीमी पड़ने के बाद पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो गया।

विहार झील होने लगी ओवरफ्लो

वहीं शहर को पानी सप्लाई करने वाली सात झीलों में से एक, विहार झील, अपने कैचमेंट एरिया में भारी बारिश के बाद आज रात 9 बजे ओवरफ्लो होने लगी। झील की इस्तेमाल करने लायक स्टोरेज कैपेसिटी 27.698 बिलियन लीटर है और यह रोजाना लगभग 90 मिलियन लीटर पानी सप्लाई करती है। 1859 में बनी विहार झील, मुंबई की दो सबसे छोटी पानी सप्लाई करने वाली झीलों में से एक है और जब यह ओवरफ्लो होती है तो इसका बचा हुआ पानी मीठी नदी में चला जाता है।

ट्रेन सेवाएं तय समय से लेट

पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार तड़के 3:57 बजे विरार से दक्षिण मुंबई के चर्चगेट के लिए पहली लोकल ट्रेन रवाना हुई। यात्रियों के अनुसार, पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं तय समय से 20 से 25 मिनट देरी से चल रही हैं जबकि मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं। मेट्रो और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की बसें सामान्य रूप से सेवाएं देते दिखीं। नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और उसके उपनगरों में रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया था, साथ ही कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भी संभावना गई।

कहां कितनी बारिश दर्ज हुई?

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे तक के पिछले 24 घंटों में मुंबई में औसतन 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 77 मिलीमीटर और 78 मिलीमीटर बारिश हुई। मंगलवार को शाम चार बजकर 34 मिनट पर समुद्र में 3.93 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है जबकि बुधवार सुबह पांच बजकर 43 मिनट पर समुद्र में 3.41 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान था। बीएमसी ने बताया कि मंगलवार रात 11:02 बजे और बुधवार दोपहर 11:07 बजे कम ऊंचाई की लहरें उठने की उम्मीद जताई गई है।

भूस्खलन के कारण 18 घंटे से ज्यादा समय तक बंद रहा यह मार्ग

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक बाईपास खंड पर मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात सोमवार रात फिर से शुरू कर दिया गया। भारी बारिश की वजह से रात में हुए भूस्खलन के कारण यह मार्ग 18 घंटे से ज्यादा समय तक बंद रहा था। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन वाली जगह पर सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रात 10:10 बजे यातायात फिर से शुरू किया गया। सोमवार तड़के करीब चार बजे मिसिंग लिंक की सबसे लंबी सुरंग सुरंग दो के निकास के पास भूस्खलन के बाद मुंबई जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया था।

एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत

सोमवार को पुणे में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और दीवार गिरने की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि वर्षा जनित अलग-अलग घटनाओं में दो अन्य लोग बह गए। इसके कारण अधिकारियों को 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण जिले भर में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। मावल तहसील के पाटन गांव में भूस्खलन की एक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पुणे जिले के मशहूर हिल स्टेशन लोनावला में सोमवार सुबह सात बजे तक के पिछले 24 घंटों में 670 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में पुणे जिले में 22 जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं।

(मुंबई से अतुल सिंह के इनपुट के साथ)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article