Mumbai Press Club Bomb Threat : मुंबई के प्रेस क्लब में शुक्रवार सुबह ई-मेल पर कई जगहों पर बम रखे होने की धमकी मिली। धमकी की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। मौके पर बम निरोधक दस्ता डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचा और प्रेस क्लब के अंदर तलाशी अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर, सभी सदस्यों और कर्मचारियों को इमारत से बाहर निकाल दिया गया। दस्ते ने इमारत के हर कोने की तलाशी ली लेकिन उसे कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इस बीच, साइबर सेल ने ईमेल कहां से आया और भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
नीरजा अजमल खान के रूप में हुई पहचान
शुरुआती जानकारी के मुताबिक ई-मेल भेजने वाली की पहचान नीरजा अजमल खान के रूप में हुई है। ई-मेल भेजने वाले ने दावा किया उसने कम से कम 42 'जहरीले गैस' वाले उपकरण प्रेस क्लब में लगाए हैं। मेल भेजने वाले ने यह भी कहा कि कथित उपकरण लगाने का मकसद केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है। आरोपी ने इमारत खाली करने के लिए भी कहा।
पासपोर्ट कार्यलय को बम से उड़ाने की धमकी
इससे पहले महाराष्ट्र के मुंबई में बीकेसी स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि पासपोर्ट कार्यालय और कार्यालय के वॉशरूम में 19 सायनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो आज दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करेंगे. सूचना मिलते ही पुलिस फ़ोर्स और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा।
कार्यालय को 3 ई-मेल आए
बता दें कि बुधवार को बीकेसी स्थित पासपोर्ट कार्यालय को तीन मेल आए जिसमें धमकी दी गई कि पासपोर्ट कार्यालय और कार्यालय के वॉशरूम में 19 सायनाइड गैस से भरे बम रखे गए हैं, जो आज दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करेंगे।
