शहर

मुंबई में बप्पा के स्वागत से पहले सुरक्षा का अभेद्य कवच, 16,800 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा; विसर्जन पर भी रहेगी पैनी नजर

मुंबई में गणेशोत्सव 2026 को लेकर पुलिस ने शहरभर में सुरक्षा का व्यापक प्लान तैयार किया है। गणेश चतुर्थी से लेकर गणपति विसर्जन तक हजारों पुलिसकर्मी और विशेष सुरक्षा दल तैनात रहेंगे। वहीं, लालबागचा राजा के फर्स्ट लुक के साथ ही मुंबई में 10 दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ गया है।

Image

बप्पा के स्वागत के लिए मुंबई तैयार (फोटो- ANI)

Photo : ANI

Mumbai Ganeshotsav 2026: मुंबई में गणेशोत्सव 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। रविवार को मुंबई पुलिस ने पूरे महानगर में बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम लागू किए, ताकि गणेश चतुर्थी और विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी बड़ी संख्या में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों को सौंपी गई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा के लिए 7 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 37 पुलिस उपायुक्त, 52 सहायक पुलिस आयुक्त, 2,650 अधिकारी और करीब 14,150 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर एसआरपीएफ की टुकड़ियां, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), दंगा नियंत्रण दल और होमगार्ड भी तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख गणेश पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन वाले दिन सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस ने विसर्जन मार्गों, प्रमुख चौपाटियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की अलग से योजना तैयार की है। पुलिस का फोकस भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी त्योहार के दौरान सतर्क रहने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संयम बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि नागरिक पुलिस के साथ सहयोग करें और अगर कहीं कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है तो उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 100 या 112 पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

लालबागचा राजा का फर्स्ट लुक हुआ जारी

गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शुक्रवार को मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा का फर्स्ट लुक भी जारी किया गया। इसके सामने आते ही श्रद्धालुओं और गणेश भक्तों के बीच उत्साह देखने को मिला। लालबागचा राजा मुंबई के सबसे प्रसिद्ध गणेश पंडालों में से एक है और हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लालबागचा राजा को मुंबई की आस्था, कला और सामूहिक उत्सव की भावना का प्रतीक माना जाता है। इस साल भी गणपति की भव्य प्रतिमा को आकर्षक रूप में सजाया गया है। सिंहासन पर विराजमान गणेश जी की प्रतिमा शांत, करुणामयी और आशीर्वाद देने वाली मुद्रा में नजर आती है।

भगवान गणेश का जन्मोत्सव

लालबागचा राजा का फर्स्ट लुक हर साल गणेशोत्सव से पहले सबसे ज्यादा इंतजार किए जाने वाले आयोजनों में शामिल रहता है। गौरतलब है कि गणेश चतुर्थी भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाने वाला 10 दिवसीय हिंदू पर्व है। इस दौरान घरों और सार्वजनिक पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाती है। पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं और उत्सव का समापन गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ होता है। इस वर्ष गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article