Training Aircraft Emergency Landing: पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट के पास पायलट को प्रशिक्षण देने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक विमान शनिवार को आपात स्थिति में उतरा। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। यह घटना उस समय हुई जब ‘रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग सेंटर’ का यह विमान एक प्रशिक्षण उड़ान पूरी करने के बाद उतर रहा था।
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान की उड़ान के समय पायलट ने देखा कि विमान का एक टायर क्षतिग्रस्त हो गया है। पायलट ने विमान को सुबह करीब आठ बजे आपात स्थिति में उतारने का प्रयास किया। विमान के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान का पहिया निकल गया। विमान टैक्सीवे से एयरपोर्ट के दूसरी तरफ पहुंच गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और पायलट सुरक्षित है।
DGCA ने दिए जांच के आदेश
डीजीसीए (नागरी विमानन महानिदेशालय) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आईएएनएस से बात करते हुए एसपी पुणे संदीप गिल ने बताया, "लैंडिंग के दौरान कुछ चिड़िया एयरक्राफ्ट के सामने आ गई। इसके चलते पायलट ने एयरक्राफ्ट को वापस ऊपर की तरफ लिया और दोबारा लैंडिंग करने के लिए नीचे आया तो एयरक्राफ्ट के आगे के व्हील डैमेज हो गए थे।"
रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है, जब ट्रेनिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। पूर्व में अक्तूबर 2023 में भी ऐसी घटना घटी थी, जब एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था। हादसे में रेड बर्ड एकेडमी टेक्नैम के वीटी-आरबीटी एयरक्राफ्ट को बारामती एयर फील्ड के पास इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। हालांकि, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी दोनों सुरक्षित थे।
