Mumbai News: नालासोपारा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां तुलिंज पुलिस स्टेशन के अंदर एक व्यक्ति ने ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। जिसके कारण कारण कांस्टेबल का एक दांत टूट गया। इस घटना से पुलिस स्टेशन में हंगामा मच गया। जिसके बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आकर स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वीडियो रिकॉर्डिंग से रोकने पर हुई बहस
जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल प्रवीण रानाडे वसई यातायात शाखा से जुड़े हैं। प्रवीण रानाडे को नालासोपारा (पूर्व) में रेलवे ओवरब्रिज पर ड्यूटी सौंपी गई थी। जब सोमवार दोपहर के करीब डेढ़ बजे रानाडे ड्यूटी पर थे और ट्रैफिक संभाल रहे थे। तभी ऑटो रिक्शा में सवार व्यापारी शैलेश वाघेला (36) ने कांस्टेबल का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। जब कांस्टेबल ने इसपर आपत्ति जताई, तो दोनों में बहस छिड़ गई। जिसके बाद रानाडे ने आरोपी से आगे की पूछताछ के लिए उसे पुलिस स्टेशन ले जाने का फैसला किया।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
तुलिंज पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद वहां मौजूद ऑन ड्यूटी पुलिस अधिकारी को कांस्टेबल ने स्थिति बताई। इसी दौरान शैलेश वाघेला ने कांस्टेबल के दाहिने गाल पर थप्पड़ मार दिया। यह थप्पड़ इतना जोरदार था कि कांस्टेबल का एक दांत ही टूट गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक लोक सेवक को उसके कर्तव्य करने से रोकने के लिए स्वेच्छा से नुकसान पहुंचाने, एक लोक सेवक को कर्तव्य निभाने से रोकने के लिए आपराधिक बल का उपयोग करनेऔर जानबूझकर अपमान करने का केस दर्ज किया है।
