मुंबई

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में जलगांव में निकाला गया जुलूस, अज्ञात लोगों के पथराव से फैला तनाव

Bangladesh Crisis: बांग्लादेश में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा में वृद्धि देखी गई है। उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव शहर में शुक्रवार को हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ एक जुलूस निकाला गया। इस बीच, कुछ अज्ञात लोगों ने जुलूस के दौरान पत्थर फेंका।

Image

पुलिस

Photo : iStock

Bangladesh Crisis: उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव शहर में शुक्रवार को उस समय तनाव पैदा हो गया जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ एक हिंदू संगठन द्वारा निकाले गए विरोध जुलूस के दौरान एक वाहन शोरूम पर कुछ पत्थर फेंके गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विरोध जुलूस का आयोजन विभिन्न संगठनों के संयुक्त संगठन ‘सकल हिंदू समाज’ द्वारा किया गया था।

शोरूम पर फेंके गए पत्थर

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह घटना जलगांव शहर में आज सुबह सकल हिंदू समाज द्वारा बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में निकाले गए जुलूस के दौरान हुई। कुछ अज्ञात लोगों ने एक दोपहिया वाहन शोरूम पर कुछ पत्थर फेंके।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना में शोरूम का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सकल हिंदू समाज के सैकड़ों समर्थकों ने विरोध जुलूस में हिस्सा लिया और बाद में प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय गए तथा अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।’’ उन्होंने बताया कि घटना के कारण कुछ समय के लिए तनाव पैदा हो गया, लेकिन स्थानीय पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।

अधिकारी ने कहा कि एहतियात के तौर पर शहर में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जलगांव शहर मुंबई से 400 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित है। सकल हिंदू समाज द्वारा नासिक जिले में भी इसी तरह का विरोध जुलूस आयोजित किया गया और कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई।

हिंदुओं के खिलाफ हो रहा अत्याचार

शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा में वृद्धि देखी गई है। ‘बांग्लादेश नेशनल हिंदू ग्रैंड अलायंस’ नामक एक गैर-राजनीतिक हिंदू धार्मिक संगठन ने दावा किया है कि अल्पसंख्यक समुदाय को पांच अगस्त से 48 जिलों में 278 स्थानों पर हमलों और धमकियों का सामना करना पड़ा है।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article