मुंबई

ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ जारी: मुंबई DRI ने जब्त किए 'पाक' मूल के 28 कंटेनर; जानें क्या था भरा

डीआरआई मुंबई ने पाकिस्तान मूल के माल से भरे 28 कंटेनर जब्त किए हैं। इनमें 800 मीट्रिक टन माल की कीमत 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

Image

सांकेतिक फोटो

मुंबई : ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ जारी होने के बाद डीआरआई मुंबई ने पाकिस्तान मूल के माल से भरे 28 कंटेनर जब्त किए हैं। इनमें 800 मीट्रिक टन माल की कीमत 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो गिरफ्तार किए गए हैं। पहलगाम आतंकी हमलों के बाद, भारत सरकार ने 2 मई 2025 को पाकिस्तान मूल के माल के प्रत्यक्ष या परोक्ष आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। इसके तहत राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने “ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट” शुरू किया, ताकि पाकिस्तान मूल के माल की जब्ती और रोकथाम की जा सके।

इसी अभियान के तहत, डीआरआई मुंबई ने हाल ही में न्हावा शेवा पोर्ट पर 28 कंटेनरों में भरे 800 मीट्रिक टन पाकिस्तान मूल के कॉस्मेटिक्स और छुहारे (ड्राई डेट्स) जब्त किए, जिनकी कीमत लगभग ₹12 करोड़ आँकी गई है। यह खेप तीन भारतीय आयातकों द्वारा मंगाई गई थी, जो सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का खुला उल्लंघन था। इन कॉस्मेटिक्स को दुबई के जबल अली पोर्ट के रास्ते यूएई मूल का बताकर भारत भेजा गया था, जबकि जांच में पाया गया कि माल वास्तव में पाकिस्तान से आया था।

DRI के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की तस्करी न केवल आर्थिक अपराध है, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी एक बड़ा खतरा है। वर्तमान में, DRI यह पता लगाने में जुटा है कि मुंबई में यह सामान किसके लिए भेजा गया था और इसके पीछे कौन सा संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता बढ़ा दी है, क्योंकि यदि पाकिस्तान से सामान की एंट्री इतनी आसानी से हो सकती है, तो इससे ड्रग्स या अन्य खतरनाक सामग्री भी भारत में भेजी जा सकती है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article