मुंबई

Mumbai Crime: बांद्रा में खूनी बना बेटा, चाकू मारकर की पिता की हत्या, मामूली बात पर हुआ विवाद

Mumbai Crime: मुंबई के बांद्रा इलाके में पिता और बेटे के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के चलते बेटे ने पिता को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू की गई।

Image

बांद्रा में एक बेटे ने चाकू मारकर पिता को उतारा मौत के घाट

Mumbai Crime: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुंबई के बांद्रा में एक बेटे ने अपने पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह घटना रविवार देर रात वाल्मीकि नगर की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान नरसिंमा मुगोंडा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

छोटी सी बहस बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब पिता और बेटा दोनों एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर नरसिंमा ने अपने पिता पर तेज धार वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में पिता की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार पारिवारिक मुद्दों को लेकर झगड़े होते रहते थे। यह कोई पहला मौका नहीं था जब दोनों में तनाव देखा गया हो। लेकिन इस बार विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

स्थानीय लोगों के लिए यह घटना चौंकाने वाली रही। वाल्मीकि नगर के आसपास के लोगों ने बताया कि परिवार में अक्सर छोटी-मोटी बहस की बातें सुनने को मिलती थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह इतना गंभीर रूप ले लेगा। घटना की सूचना मिलते ही बीकेसी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही, पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस रात दोनों के बीच विवाद का असली कारण क्या था।

आरोपी नरसिंमा को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हत्या पहले से सोची-समझी थी या फिर गुस्से में अचानक लिया गया कदम। साथ ही, पुलिस आसपास के लोगों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article