मुंबई

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, कई वाहन आपस में टकराए, एक की मौत और 18 घायल

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 18 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि एक कंटेनर के अचानक ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार कंटेनर ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हो गया।

Mumbai-Pune Expressway Accident: महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां एक साथ कई वाहन आपस में टकरा गए। इस सड़क हादस में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और अन्य 18 लोग घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपस में कई वाहनों की टक्कर से एक्सप्रेसवे पर खालापुर टोल प्लाजा तक भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस की टीम वाहनों को सड़क के किनारे करते हुए ट्रैफिक खोलने का प्रयास कर रही है।

किस वजह से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लोनावाला-खंडाला घाट इलाके में एक कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया था। यह कंटेनर पुणे से मुंबई जा रहा था। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने कंटेनर से नियंत्रण खो दिया। इससे कंटेनर तेज रफ्तार में आगे बढ़ता चला गया और कई वाहनों को टक्कर मार दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंटेनर ने डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसमें छोटे वाहनों को भारी नुकसान हुआ। इस दुर्घटना में 15 से 17 वाहन आपस में टकराए। इस हादसे में कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राहत एवं बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं।

18 लोग गंभीर रूप से घायल

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया। दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई और करीब 18 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल सभी यात्रियों को खोपोली के अस्पताल में लाया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। फंसे हुए वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और स्थानीय अधिकारी सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। भीड़भाड़ के कारण यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जा रहा है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article