मुंबई

Monsoon Update: मुंबई में दो दिन पहले पहुंचा मानसून, झमाझम बारिश शुरू; लोगों के खिल उठे चेहरे

Monsoon Update: इस बार तय समय से दो दिन पहले ही मानसून मुंबई पहुंच चुका है। आईएमडी ने रविवार को बताया कि आज (नौ जून) मानसून दो दिन पहले ही मुंबई पहुंच चुका है। बता दें कि मुंबई समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई है।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

Monsoon Update: देश के दक्षिणी राज्यों से मानसून काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को समय से पहले पहुंचने के बाद मुंबई में भी सामान्य से दो दिन पहले रविवार को पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसकी जानकारी दी। मुंबई में मानसून पहुंचते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई है। बता दें कि मुंबई में मानसून के पहुंचने से लोगों के चेहरे खिल उठे। खासकर किसानों को इससे फायदा मिलेगा और गर्मी से राहत मिलेगी।

मुंबई में झमाझम बारिश

हालांकि, मुंबई में मानसून के पहुंचने के पहले से ही बारिश शुरू हो गई है। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे तापमान कम हुआ और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन इसका असर ट्रैफिक पर भी पड़ा। बारिश के कारण पालघर जिले में सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे रविवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर चार घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा।

इन जगहों पर हुई बारिश

आईएमडी के मुताबिक, ठाणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अहमदनगर, सातारा और जलगांव सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में भी पिछले एक दिन में अच्छी बारिश हुई। रविवार सुबह 8.30 बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान मुंबई में 60 मिमी से अधिक बारिश हुई। दक्षिण मुंबई में स्थित कोलाबा वेधशाला, जहां राज्य सरकार के अधिकांश प्रशासनिक कार्यालय स्थित हैं, में 67 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सांताक्रूज़ वेधशाला में इसी अवधि में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई।

rain alert

फाइल फोटो।

दिल्ली में मानसून कब आएगा?

बता दें कि सामान्यतः मानसून एक जून तक केरल और 11 जून तक मुंबई तथा 27 जून तक राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पहुंच जाता है। मौसम विभाग ने केरल में मानसून के 15 मई को 31 मई तक पहुंचने की संभावना जताई थी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से मई के अंत में गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया, जिसके परिणामस्वरूप पूर्वोत्तर में मानसून का आगमन समय से पहले हो गया है।

नार्थ-ईस्ट में कब पहुंचता है मानसून?

जानकारी के अनुसार, केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि एक जून तथा अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में पांच जून है। पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम, उत्तर-पश्चिम में सामान्य और देश के मध्य और दक्षिण प्रायद्वीप क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article