मुंबई

महाराष्ट्र में मौसम का कहर, भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 6 लोगों की मौत; SDRF ने 293 लोगों को किया रेस्क्यू

महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश के कारण अलग-अलग जिलों में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। नांदेड़ में 5 लोग लापता भी बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ की 18 और एसडीआरएफ की 6 टीमें बचाव कार्य के लिए तैनात है। अभी तक नांदेड़ से 293 लोगों को बचाया जा चुका है।

Image

मुंबई में बारिश का कहर (ANI)

Photo : ANI

Maharashtra Heavy Rainfall: महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश कहर बरपा रही है। पिछले 24 घंटों में बारिश और बाढ़ की स्थिति में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं नांदेड़ जिले में 5 लोग लापता बताए गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बीड में 1, मुंबई में 1 और नांदेड़ में 4 लोगों की मौत हुई है। वहीं 3 लोग मुंबई में घायल हैं। एनडीआरएफ की कुल 18 टीमें महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में तैनात हैं, साथ ही एसडीआरएफ की 6 टीमें भी तैनात हैं। एसडीआरएफ ने अब तक नांदेड़ जिले के मुखेड़ तालुका में 293 लोगों को रेस्क्यू किया है।

मुंबई में 24 घंटे में 200 मिमी हुई बारिश

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार मुंबई के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जिसमें पूर्वी उपनगरों के विक्रोली में सर्वाधिक 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे की अवधि में सांताक्रूज वेधशाला ने 238.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि कोलाबा वेधशाला ने 110.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। सांताक्रूज वेधशाला में पश्चिमी उपनगरों और कोलाबा वेधशाल में दक्षिण मुंबई की मौसम से जुड़ी जानकारी जुटाई जाती है।

आईएमडी ने बताया कि विक्रोली में सबसे अधिक 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद भायखला में 241 मिलीमीटर, जुहू में 221.5 मिलीमीटर और बांद्रा में 211 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर के महालक्ष्मी इलाके में तुलनात्मक रूप से कम 72.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण मुंबई में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। जलभराव के कारण यातायात और लोकल ट्रेनों पर भी असर देखने को मिल रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article