LPG Tanker Accident: मुंबई-गोवा महामार्ग पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ जब LPG से भरा एक टैंकर हातखंबा क्षेत्र में पुल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
लोगों को किया गया शिफ्ट
हादसे की जानकारी मिलते ही MIDC की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गैस रिसाव को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने करीब के इलाकों के नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।
यातायात हुआ बाधित
टैंकर के पुल से नीचे गिरने और गैस लीक के कारण मुंबई-गोवा महामार्ग पर यातायात काफी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों को अपनाने की सलाह दी है ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल गैस टैंकर को हटाने और यातायात बहाल करने का काम जारी है। अब तक की जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
