Fake IAF Officer Arrested: महाराष्ट्र के पुणे से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। शख्स को भारतीय वायुसेना का कर्मी होने का झूठा दावा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रविवार की रात यह गिरफ्तारी सदर्न कमांड मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुणे पुलिस की संयुक्त टीम ने खरादी इलाके से की। आरोपी का नाम गौरव कुमार है जिसकी संदिग्ध हरकतों की वजह से उसपर निगरानी रखी जा रही थी।
खुद को बताता था एयरफोर्स कर्मी
पुणे में एक गौरव कुमार नाम के एक व्यक्ति को खुद को भारतीय वायुसेना का कर्मी बताने का झूठा दावा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गौरव की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद दक्षिणी कमान सैन्य इंटेलिजेंस और खडकी पुलिस थाने की संयुक्त टीम ने गहन जांच और निगरानी शुरू की थी। गिरफ्तारी के समय उसके पास भारतीय वायुसेना की दो टी-शर्ट, एक जोड़ी कॉम्बैट पैंट, जूते, दो वायुसेना बैज और एक ट्रैकसूट का ऊपरी हिस्सा बरामद हुआ, जो यह दर्शाता है कि वह वायुसेना कर्मी बनकर लोगों को धोखा दे रहा था।
सघनता से होगी जांच
खडकी पुलिस स्टेशन में गौरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 168 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो किसी सैनिक, नौसैनिक या वायुसेना कर्मी की नकल करने के अपराध से संबंधित है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गौरव का नकली पहचान का मकसद क्या था और क्या इससे देश की सुरक्षा को कोई खतरा हो सकता है।
संदिग्ध पाई गई थीं हरकतें
अधिकारियों ने बताया कि गौरव की गतिविधियां संदिग्ध थीं, जिसके कारण मिलिट्री इंटेलिजेंस ने उस पर नजर रखने का निर्देश दिया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या गौरव ने पहले भी इस तरह की हरकत की है या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में चिंता पैदा कर दी है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। देश के अलग-अलग इलाकों से लगातार हो रहीं पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारियों से भी इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है।
