मुंबई

BSE Bomb Threat: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को RDX से उड़ाने की मिली धमकी, ईमेल में लिखा तीन बजे होगा धमाका

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम विस्फोट की धमकी भरा एक ईमेल मिला। जिसके बाद पुलिस को तुरंत सूचित किया गया। मौके पर बम निरोधक दस्ता और पुलिस पहुंची और तलाशी ली। जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

Image

BSE को बम से उड़ाने की मिली धमकी (फाइल|PTI)

Photo : PTI

Mumbai News: मुंबई स्थित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को मंगलवार को एक बम धमकी भरा ईमेल मिलने से अफरा-तफरी मच गई। ईमेल में दावा किया गया था कि टावर बिल्डिंग में चार आरडीएक्स IED बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 3 बजे विस्फोट करेंगे। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) मौके पर पहुंच गया।

संदिग्ध आईडी से आया था ईमेल

ईमेल "कॉमरेड पिनाराई विजयन" नामक एक संदिग्ध आईडी से भेजा गया था। संदिग्ध ईमेल के बाद पूरे BSE परिसर में सुरक्षा एजेंसियों ने बारीकी से तलाशी ली। घंटों चली सघन जांच के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 351(1)(बी), 353(2), 351(3), और 351(4) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच जारी है और मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की कोशिशें चल रही है।

नई नहीं है घटना

इस तरह की बम से जुड़ी धमकियों की घटनाएं नई नहीं हैं। पिछले कुछ समय से देश में ऐसी कई धमकी की घटनाएं सामने आई हैं। दिल्ली में आए दिन स्कूल कॉलेजों में ऐसी फर्जी धमकियां आती रहती हैं। मंगलवार को ही दिल्ली के प्रतिष्ठित कॉलेज सेंट स्टीफन और सेंट थॉमस स्कूल में धमकी भरा ईमेल आया। मेल में कहा गया है कि कॉलेज की लाइब्रेरी में बम रखा गया है। मौरिस नगर पुलिस स्टेशन, उत्तरी जिला CCPS (साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन), BDT (बम डिटेक्शन टीम) और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और कॉलेज की घेराबंदी कर जांच की। यहां भी अबतक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article