मुंबई

मुंबई से ऑपरेट हो रहा था ठगी का इंटरनेशनल नेटवर्क, अमेरिकी नागरिक बने शिकार

International Fraud Network: मुंबई में बैठकर अमेरिका में ठगी का खेल खेल रहे थे, इस मामले में पुलिस ने 13 आरोपियों को दबोचा है।

Image

मुंबई में बैठकर अमेरिका में ठगी का खेल खेल रहे थे (फोटो: X)

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच (यूनिट 12) ने गोरेगांव इलाके में छापा मारकर एक अनधिकृत कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। इस कॉल सेंटर से अमेरिकी नागरिकों को शिकार बनाया जा रहा था।पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि यह कॉल सेंटर अमेरिकी समेत विदेशी नागरिकों को Geek Squad और McAfee जैसे एंटीवायरस रिन्यू करने के नाम पर ईमेल भेजता था।

ईमेल में एक टोल-फ्री नंबर दिया जाता था। जैसे ही अमेरिकी नागरिक इस नंबर पर कॉल करते, उनके सिस्टम पर EYEBEM नाम का सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कराया जाता।

इसके बाद उन्हें एंटीवायरस रिन्यू करने का झांसा देकर 250 से 500 अमरीकी डॉलर के गिफ्ट कार्ड खरीदने पर मजबूर किया जाता था। इन गिफ्ट कार्ड्स को बाद में क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेशी नागरिकों से ठगी की रकम हड़प ली जाती थी। 15 सितंबर की रात को क्राइम ब्रांच ने अचानक धावा बोलते हुए मौके से 2 कॉल सेंटर मालिक,1 मैनेजर,10 टेली कॉलर एजेंट को रंगे हाथों पकड़ा।कार्रवाई में 15 लैपटॉप, 10 डेस्कटॉप, 20 मोबाइल फोन और कई संदिग्ध दस्तावेज़ भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 336(2), 336(3), 340(1), 340(2), 3(5), सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 66(क) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 3(1), 42(1) के तहत मामला दर्ज हुआ है। सभी 13 आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस पूरे मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।

End of Article