मुंबई

Palghar News: 35 साल बाद पकड़ा गया मर्डर का आरोपी, हत्या के बाद भाग गया था विदेश

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 3, 2024, 04:27 PM IST

महाराष्ट्र के पालघर में 35 साल के बाद मर्डर का आरोपी गिरफ्तार किया गया है। मर्डर के बाद आरोपी विदेश भाग गया था, लेकिन अब वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : PTI

Palghar News: हत्या के मामले में 35 साल से अधिक समय से फरार आरोपी को महाराष्ट्र के पालघर जिले से गिरफ्तार किया गया है। मानिकपुर पुलिस थाना के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने ने बताया कि 30 नवंबर 1988 को सलीम अकबर अली (24) की पालघर जिले के वसई इलाके के नवघर में कुछ लोगों ने मिलकर हत्या कर दी थी।

आठ लोगों पर FIR

उन्होंने बताया कि इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा-302 (हत्या) और 34 (साझा मंशा) के तहत आठ लोगों विजय सुदाम राणे, शंकर बागली मखान, धर्म धर्मेंद्र, शेखर पुजारी, चंद्रशेखर शेट्टी, कुमार होदे, धनंजय बेलूर और क्लामेंट सिमोन लोबो उर्फ मुन्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

आरोपी भाग गया था बहरीन

अधिकारी ने बताया कि बेलूर और लोबो को छोड़ बाकी छह आरोपियों को 1988 में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि लोबो बहरीन भाग गया था और तीन साल पहले भारत लौटा था।

खुफिया सूचना पर गिरफ्तारी

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने प्रौद्योगिकी और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को हाल में जानकारी मिली कि लोबो (55) भारत आया है और वसई शहर के मानिकपुर में रह रहा है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लोबो को सोमवार को उसके घर से पकड़ा जहां वह छिपकर रह रहा था। उन्होंने बताया कि बेलूर को पकड़ने का अब भी प्रयास किया जा रहा है।

End of Article