शहर

राज ठाकरे ने राज्य चुनाव आयोग पर महायुति की मदद करने का लगाया आरोप, पूछा- क्यों बदला गया नियम

BMC Polls: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) पर तीखा हमला किया। उन्होंने सवाल किया कि अंतिम दिन तक घर-घर जाकर प्रचार करने की अनुमति देने का यह नया नियम क्यों लागू किया गया, और लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान इसकी अनुमति क्यों नहीं दी गई।

Image

मनसे प्रमुख राज ठाकरे (फोटो साभार: @mnsadhikrut)

Photo : Twitter

BMC Polls: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आधिकारिक प्रचार अवधि खत्म होने के बाद भी घर-घर जाकर प्रचार की इजाजत देकर आयोग सत्तारूढ़ महायुति को चुनाव जीतने में मदद कर रहा है।

उन्होंने एसईसी द्वारा हितधारकों को सूचित किए बिना चुनाव में प्रिंटिंग ऑक्सिलरी डिस्प्ले यूनिट (पाडू) का उपयोग करने के कदम पर भी सवाल उठाया। ठाकरे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि एसईसी 15 जनवरी को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) सहित महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों में मतदान की पूर्व संध्या पर नियमों में बदलाव कर रहा है।

राज ठाकरे ने लगाए गंभीर आरोप

मनसे अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘एसईसी सरकार को उन चुनावों में जीत दिलाने में मदद कर रहा है जो वह हार चुकी है।’’ उन्होंने सवाल किया कि अंतिम दिन तक घर-घर जाकर प्रचार करने की अनुमति देने का यह नया नियम क्यों लागू किया गया, और लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान इसकी अनुमति क्यों नहीं दी गई। राज ठाकरे ने पूछा, ‘‘यह रियायत क्यों दी गई? नियम क्यों बदला गया? क्या एसईसी सरकार की मर्जी के मुताबिक काम करने के लिए है?’’

शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि एसईसी ने भाजपा, अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस (राकांपा)और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को ‘‘घर-घर जाकर पैसे बांटने’’ का लाइसेंस दे दिया है।

चुनावी शोर थमा, पर EC ने दी ये रियायत

निकाय चुनावों के लिए आधिकारिक रूप से प्रचार अभियान मंगलवार शाम को समाप्त हो गया। हालांकि, एसईसी ने कहा है कि उम्मीदवार मतदाताओं के घर जाकर संपर्क कर सकते हैं, बशर्ते व्यक्तियों की संख्या पांच से अधिक न हो और ध्वनिप्रसारकों का उपयोग न किया जाए। राज्य निर्वाचन आयोग ने 14 फरवरी, 2012 के एक आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि इस तरह का व्यक्तिगत संपर्क सार्वजनिक प्रचार के बराबर नहीं है।

राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी यह सलाह

राज ठाकरे ने मनसे और सहयोगी शिवसेना (उबाठा) के कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और सत्ताधारी दलों के उम्मीदवारों पर नजर रखने को कहा, क्योंकि उनका दावा था कि वे पैसे बांट सकते हैं। मनसे प्रमुख ने चुनावों में ‘पाडू’ मशीन का उपयोग करने के एसईसी के कदम को लेकर उस पर निशाना साधा। यह मशीन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से जुड़ी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह (पाडू) कौन सी मशीन है? एसईसी ने इसके बारे में किसी भी राजनीतिक दल को न तो बताया और न ही उन्हें इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। यहां तक कि आम लोगों को भी इसके बारे में जानकारी नहीं है।’’

उन्होंने आगे कहा कि एसईसी मनमाने तरीके से काम कर रहा है। राज ठाकरे ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) ने ‘पाडू’ मशीन के बारे में एसईसी को पत्र लिखा है। बीएमसी के लिए 15 जनवरी को होने वाले चुनावों में पहली बार ‘पाडू’ का उपयोग किया जाएगा ताकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में मतों की गिनती में सुविधा प्रदान की जा सके। बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी ने कहा था कि ये ‘बैकअप यूनिट’ के रूप में काम करेंगी और अन्य ईवीएम मशीनों की तरह ये भी चुनाव अधिकारियों के पास रहेंगी और इनका उपयोग केवल आपात स्थिति में किया जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article