Mumbai Accident News: मुंबई में एक यातायात पुलिसकर्मी की लोकल ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहा था। इस दौरान संतुलन बिगडने से वह मुलुंड स्टेशन के प्लेटफार्म पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान देवीदास सास्ते के रूप में हुई है, जो सहार यातायात डिवीजन में तैनात था।
दिल की बीमारी से जूझ रहा था पुलिसकर्मी
पुलिस के अनुसार, देवीदास सास्ते गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे और उनके हृदय में चार ‘ब्लॉकेज’ थे। वह सात अगस्त से 25 नवंबर तक मेडिकल अवकाश पर थे और कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में उनकी ‘एंजियोग्राफी’ हुई थी। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद, वह 26 नवंबर को काम पर लौटे थे। बुधवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद सास्ते अपने घर जा रहे थे।
दो पुलिस कांस्टेबल ने पहुंचाया अस्पताल
सास्ते का घर ठाणे जिले के कल्याण में स्थित था। उन्होंने घर जाने के लिए लोकल ट्रेन पकड़ी। उनके साथ में दो पुलिस कांस्टेबल भी मौजूद थे। सास्ते ट्रेन में गेट के पास खड़े थे। जब ट्रेन मुलुंड स्टेशन पर पहुंची, तो अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़े। अधिकारी ने बताया कि सास्ते के साथ मौजूद दो पुलिस कांस्टेबल ने उन्हें तुरंत अग्रवाल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
(इनपुट - भाषा)
