Mumbai Weather Update: महाराष्ट्र में मानसून की मूसलाधार बारिश अब आफत और तबाही का रूप ले चुकी है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ समेत राज्य के कई हिस्सों में रविवार से जारी भारी और निरंतर बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज सुबह 7 बजे मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए अगले 3 घंटे का 'रेड नाउकास्ट अलर्ट' (Red Nowcast Warning) जारी किया है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ अत्यंत भारी बारिश और बिजली कड़कने की आशंका जताई गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर पालिका के स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। प्रशासन ने मुंबईकरों से अपील की है कि वे घरों के अंदर ही रहें और बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।
सिर्फ 13 दिनों में आधा मानसून बरसा
मुंबई में इस साल मानसून ने अपनी तय तारीख से करीब दो हफ्ते की देरी से 23 जून को दस्तक दी थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों में हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश के कारण सीजन की लगभग आधी बारिश महज 13 दिनों में ही दर्ज की जा चुकी है।
मुंबई में चार महीनों के मानसून सीजन (जून से सितंबर) के दौरान आमतौर पर औसतन 2,200 mm से 2,400 mm तक कुल मानसूनी बारिश होती है। मुंबई में 23-24 जून को मानसून के आगमन से लेकर अब तक यानी पिछले लगभग 13 दिनों में बारिश 1,000 mm के आंकड़े को पार कर चुकी है।
शनिवार सुबह 8 बजे से रविवार के बीच पिछले 24 घंटों में कोलाबा मौसम केंद्र ने 265.6 मिमी और सांताक्रुज स्टेशन ने 227.7 मिमी बारिश दर्ज की। मलाबार हिल, अंधेरी, पवई, विक्रोली और भांडुप जैसे कई इलाकों में 250 मिमी से ज्यादा पानी बरसा, जिससे निचले इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार तक मुंबई को इसी तरह की भारी बारिश का सामना करना पड़ेगा।
अमिताभ बच्चन के घर के पास गिरा पेड़
तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते मुंबई में पेड़ गिरने की 142 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अब तक दो लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन विभाग को पेड़ या शाखाएं गिरने की कुल 276 शिकायतें मिली हैं। रविवार तड़के गोरेगांव के एमजी रोड पर एक केमिस्ट की दुकान के सामने एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वसई इलाके में लगातार 18 घंटों से बारिश के चलते मधुबन सोसाइटी में पानी भर गया है। वहीं जुहू पुलिस स्टेशन के नजदीक, अमिताभ बच्चन जलसा बंगले से 700 मीटर दूरी पर पेड़ गिर गया। SUV कार में बैठे शख्स बाल बाल बचे।ठाणे में भी 'जलप्रलय' जैसे हालात
ठाणे में भी हालात कुछ ठीक नहीं है। शहर में बीती रात 208.55 मिलीमीटर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। यहां दिवा स्थित दत्त निवारा सोसायटी में एक इमारत की सीढ़ियों का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। दमकल और नगर निगम की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर खतरनाक मलबे को हटाया और 5 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं बारा बंगला इलाके के चौक पर स्थापित प्रसिद्ध मैराथन की प्रतिमा भी तेज हवा और पानी के दबाव के कारण गिर गई। ठाणे पूर्व के कोपरी पटाखा मार्केट इलाके में एक बिजली का खंभा गिर गया, जबकि कलवा रेलवे कॉलोनी समेत कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हैं। कर्जत-लोनावला रूट पर लैंडस्लाइड हो गया है, जिससे लोकल ट्रेनें लेट हैं और कुछ रद्द हैं।
