शहर

इंदौर में बोरिंग के दौरान फटी गैस पाइपलाइन, जोरदार धमाके में महिला समेत 4 लोग झुलसे

Indore Gas Pipeline Blast: इंदौर के विजय नगर इलाके में मंगलवार को बोरिंग कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सुमन नगर जैन मंदिर के पास पार्षद द्वारा कराई जा रही बोरिंग के दौरान मशीन अवंतिका गैस पाइपलाइन से टकरा गई। पाइपलाइन फटने से हुए गैस रिसाव ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे हुए जोरदार धमाके में एक महिला सहित चार लोग झुलस गए।

Image

इंदौर गैस ब्लास्ट

Photo : Times Now Digital

Indore Gas Pipeline Blast: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर (Indore Crime) से एक बेहद डरावनी खबर सामने आई है। शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुमन नगर जैन मंदिर के पास एक गैस पाइपलाइन में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर मोर्चा संभाला और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक, सुमन नगर जैन मंदिर के पास स्थानीय पार्षद बालमुकुंद सोनी द्वारा बोरिंग का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान खुदाई कर रही बोरिंग मशीन जमीन के नीचे से गुजर रही अवंतिका गैस लिमिटेड की पाइपलाइन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गैस पाइपलाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें से बड़े पैमाने पर गैस का रिसाव (Leakage) होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हवा में फैली इस गैस ने कुछ ही सेकंडों में आग पकड़ ली और एक भयानक धमाका हो गया।

धमाके से इलाके में फैली दहशत

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर भागने लगे। पूरे इलाके में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय निवासियों की मुस्तैदी से तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को फोन किया गया। विजय नगर थाना पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले पूरे इलाके की घेराबंदी की ताकि कोई और इसकी चपेट में न आए।

हादसे में घायल चारों लोगों का अस्पताल में इलाज जारी

फिलहाल, हादसे में घायल चारों लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस और संबंधित विभाग अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि रिहायशी इलाके में बोरिंग कार्य शुरू करने से पहले क्या अवंतिका गैस लिमिटेड या नगर निगम से जरूरी तकनीकी अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article