मुख्यमंत्री मोहन यादव का अशोकनगर में औचक निरीक्षण हुआ उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचकर योजनाओं की हकीकत परखी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुशासन का उदाहरण पेश करते हुए अशोकनगर जिले के ग्राम मढ़ी महिदपुर में अचानक पहुंचकर सबको चौंका दिया। मुख्यमंत्री बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे ग्राम सभा की जनसुनवाई में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरपंच, पंचों और ग्रामीणों के साथ बैठकर गांव के विकास कार्यों पर खुलकर बात की। उन्होंने साफ कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ आदेश जारी करना नहीं, बल्कि जमीन पर योजनाओं का असली असर देखना और समझना है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे सवाल किया 'क्या आपको सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है? क्या कोई समस्या है?'
मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए
समस्याएं सुनते ही उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्णय लिया है कि इसी तरह प्रदेश भर में नियमित रूप से दौरे करेंगे, ताकि वे सीधे आम लोगों तक पहुंच सकें, उनकी समस्याएं सुन सकें और उनका त्वरित निराकरण कर सकें। इससे सरकार और जनता के बीच मजबूत विश्वास का सेतु बनेगा, और योजनाएं वाकई धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू हो सकेंगी।यह कदम निश्चित रूप से ग्रामीण मध्य प्रदेश के लिए एक नई शुरुआत साबित होगा।
इससे पहले 15 जनवरी को उज्जैन में आयोजित महाकाल महोत्सव का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधिवत शुभारंभ किया था। बाबा महाकाल के दर्शन के साथ शुरू हुए इस आयोजन में मुख्यमंत्री ने महाकाल सृष्टि और वैदिक परंपरा पर आधारित 100 एपिसोड के भव्य धारावाहिक का टीजर भी लॉन्च किया था। इस धारावाहिक के जरिए बाबा महाकाल की महिमा, वैदिक ज्ञान और कालचक्र की वैज्ञानिक व्याख्या को देश-दुनिया तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का आयोजन 13 जनवरी से 31 जनवरी तक
वहीं ओलंपिक की तर्ज पर खेलो एमपी यूथ गेम्स का 13 जनवरी 2026 को खेल प्रतिययोगिता का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओलंपिक की तर्ज पर खेलो एमपी यूथ गेम्स के लोगो, टी-शर्ट, टॉर्च, एंथेम और मैस्कॉट का लोकार्पण कर खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। उन्होंने 'मध्यप्रदेश की जय और हम सब की विजय' स्लोगन को दोहराते हुए कहा कि जब हम सभी विविध क्षेत्रों में निरंतर जय प्राप्त करते रहेंगे, तो विजय स्वतः ही मिलती जाएगी। इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास सारंग सहित कई मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का आयोजन 13 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 1.50 लाख खिलाड़ी भाग लेंगे। यह आयोजन मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थलों पर अलग-अलग दिनों में आयोजित किया जा रहा है।
