Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर संवेदनशीलता और जन सेवा का उदाहरण पेश किया है। जनता की छोटी-सी अपील पर तुरंत संज्ञान लेना उनकी कार्यशैली की पहचान बनता जा रहा है। हाल ही में उज्जैन जिले के एक दिव्यांग व्यक्ति की इच्छा को पूरा कर मुख्यमंत्री ने यह साबित किया कि वे सिर्फ प्रशासनिक मुखिया नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़े नेता भी हैं।
दरअसल, उज्जैन की बड़नगर तहसील के गांव बमनापानी निवासी दिव्यांग अभिषेक सोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर मुख्यमंत्री से अपील की थी। वीडियो में उन्होंने बताया था कि उन्हें क्रिकेट से बेहद लगाव है और वे भारत तथा न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में आयोजित वनडे मुकाबला स्टेडियम में जाकर लाइव देखना चाहते हैं, लेकिन टिकट नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया था कि उनके लिए टिकट की व्यवस्था करा दी जाए।
जीवन का यादगार पल
अभिषेक की यह अपील जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंची, तो उन्होंने बिना किसी देरी के संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मैच की टिकट उपलब्ध करवा दी। इच्छा पूरी होने पर अभिषेक सोनी टीम इंडिया की जर्सी पहनकर इंदौर पहुंचे और मैच का आनंद लिया। उन्होंने टिकट दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया और कहा कि यह उनके जीवन का यादगार पल है।
लोगों के दिल जीतता है सीएम का स्वभाव
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जहां उन्होंने आमजन के साथ सीधे संवाद और आत्मीय व्यवहार से लोगों का दिल जीता है। कभी वे आम की खरीदते नजर आते हैं, तो कभी जनता के बीच बैठकर चाय पीते दिखते हैं। एक बार बाजार में भुट्टा खरीदते हुए बच्चों को दुलार करने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। इसके अलावा, एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री आवास उनका निजी आवास नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता का घर है।
