शहर

हरिद्वार में भी बारिश बनी आफत, रेलवे लाइन पर गिरा पहाड़ का मलबा, ट्रैक बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को हरिद्वार में पहाड़ का मलबा रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। प्रशासन ने सुरक्षित रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Image

रेलवे लाइन पर गिरा पहाड़ का मलबा

Photo : Times Now Digital

Haridwar News: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब आफत बनकर बरस रही है। पहाड़ी इलाकों में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो चुका है।

रेलवे ट्रैक पर गिरा मलबा

इसी कड़ी में हरिद्वार से एक बड़ी खबर सामने आई है। काली मंदिर के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर अचानक पहाड़ का मलबा गिर गया, जिससे रेलवे लाइन पूरी तरह बंद हो गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया है और रेलवे व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं।

बताया जा रहा है कि पहाड़ गिरने की यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी, लेकिन समय रहते ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पहाड़ से गिरते मलबे की भयावहता देखी जा सकती है।

48 घंटों से हो रही बारिश

बता दें कि हरिद्वार जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से कई जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि राजस्व विभाग, ग्राम विकास विभाग, ग्राम प्रधान और अन्य टीमों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। शहरी क्षेत्रों में जल निगम, जल संस्थान, नगर निगम एवं नगर पालिकाएं जल निकासी में लगी हुई हैं।

गंगा नदी के जलस्तर पर नजर

गंगा नदी के जलस्तर को भी लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। फिलहाल जलस्तर 293 मीटर के चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन बारिश जारी रहने पर स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है। मयूर दीक्षित ने कहा कि अगर बारिश जारी रहती है तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। जलभराव जैसी किसी भी स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की सलाह

पुलिस और SDRF की टीमें हालात के मद्देनजर लगातार सक्रिय हैं। इसी बीच रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने की खबर आई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से परहेज करें, विशेषकर पहाड़ी इलाकों में फिलहाल यात्रा से बचें। नदियों और नहरों के किनारे जाने से परहेज करने की सलाह दी जा रही है। लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article