शहर

दिवाली के अगले दिन एक-दूसरे को पत्थर क्यों मारते हैं लोग? शिमला का 400 साल पुराना खूनी मेला

Shimla Patthar Ka Khel: धामी रियासत के राजा के समय में देवी को प्रसन्न करने के लिए नरबलि दी जाती थी। एक बार एक राजा ने नरबलि की जगह इस पत्थरबाजी की परंपरा शुरू की। तब से लेकर आज तक हर साल दिवाली के अगले दिन ये खेल खेला जाता है।

Image

शिमला का खूनी मेला (फोटो साभार- ANI)

Shimla Patthar Ka Khel: दिवाली के अगले दिन शिमला के धामी गांव में एक ऐसा मेला लगा, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। यहां लोग पटाखे नहीं, एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हैं। इस परंपरा को 'पत्थर का खेल' कहा जाता है। इस साल भी इस 400 साल पुराने मेले को देखने के लिए हजारों लोग धामी गांव पहुंचे। सुबह से ही गांव में माहौल किसी त्योहार जैसा था। ढोल-नगाड़ों की आवाज, देवी भद्रकाली के जयकारे और दो गुटों में बंटे गांव वाले। एक तरफ जमोग और दूसरी तरफ धामी गांव के लोग। दोनों तरफ के युवक हाथों में पत्थर लिए आमने-सामने खड़े थे। जैसे ही पुजारी ने आदेश दिया, दोनों तरफ से पत्थरों की बारिश शुरू हो गई।

देवी को चढ़ाई जाती हैं खून की बूंदें

करीब 15-20 मिनट तक ये पत्थरबाजी चलती रही। लोग छिप-छिपकर पत्थर चला रहे थे। इस दौरान कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं। जैसे ही एक युवक के सिर से खून की कुछ बूंदें निकलीं, पत्थरबाजी रोक दी गई। परंपरा के अनुसार, उस खून को देवी भद्रकाली को अर्पित किया गया। इसके बाद ही मेला संपन्न माना गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि जब तक देवी को खून की बूंदें नहीं चढ़तीं, तब तक पूजा अधूरी है। कहा जाता है कि इसी खून से गांव में सुख-समृद्धि आती है, बीमारियां दूर होती हैं और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव होता है।

कहां से शुरू हुई ये परंपरा?

कहानी करीब 400 साल पुरानी है। कहा जाता है कि धामी रियासत के राजा के समय में देवी को प्रसन्न करने के लिए नरबलि दी जाती थी। एक बार एक राजा ने नरबलि की जगह इस पत्थरबाजी की परंपरा शुरू की। तब से लेकर आज तक हर साल दिवाली के अगले दिन ये खेल खेला जाता है। लोगों का मानना है कि ये नरबलि का ही प्रतीकात्मक रूप है। आज भले ही जमाना बदल गया है, लेकिन धामी के लोग इस परंपरा को पूरी श्रद्धा से निभाते हैं। प्रशासन और पुलिस भी मौके पर मौजूद रहती है ताकि कोई बड़ी घटना न हो। घायलों के लिए मेडिकल टीम भी तैनात की जाती है।

दूर-दूर से आते हैं लोग

इस मेले को देखने के लिए सिर्फ हिमाचल ही नहीं, बल्कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और दूसरे राज्यों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। कई लोग इसे पहली बार देखकर डर जाते हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए ये आस्था का सवाल है। सोशल मीडिया पर भी इस मेले के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ लोग इसे खतरनाक बता रहे हैं तो कुछ इसे हिमाचल की अनोखी सांस्कृतिक विरासत बता रहे हैं। फिलहाल धामी गांव में मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया है। गांव वालों का कहना है कि जब तक देवी भद्रकाली हैं, तब तक ये परंपरा चलती रहेगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article