शहर

गोवा जाने वालों के लिए खुशखबरी, दक्षिण भारत को मिली दो नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात, 13 नवंबर को फ्लैग ऑफ

Vande Bharat Express:​ बेंगलुरु और गोवा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस यशवंतपुर से मडगांव तक चलेगी। दूसरी सेवा मंगलुरु-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस के नाम से शुरू होगी। दोनों ट्रेनों का फ्लैग ऑफ 13 नवंबर को होना प्रस्तावित है।

Image

वंदे भारत (फोटो साभार- PTI)

Vande Bharat Express: दक्षिण भारत में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए रेलवे दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत करने जा रहा है। रेलवे बोर्ड की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु-मडगांव और मंगलुरु-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस का फ्लैग ऑफ 13 नवंबर 2026 को होगा। इन दोनों ट्रेनों के चलने से कर्नाटक के प्रमुख शहरों के साथ-साथ गोवा तक रेल संपर्क और बेहतर हो जाएगा। यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक सफर का नया विकल्प मिलेगा।

बेंगलुरु से गोवा तक वंदे भारत का सफर

बेंगलुरु और गोवा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस यशवंतपुर से मडगांव तक चलेगी। यह ट्रेन मंगलुरु जंक्शन के रास्ते संचालित होगी। रेलवे बोर्ड ने इस सेवा को ट्रेन संख्या 26655/26656 के रूप में मंजूरी दी है। यह रूट काफी अहम है, क्योंकि यह बेंगलुरु को कर्नाटक के तटीय इलाकों से जोड़ते हुए गोवा तक सीधी रेल सुविधा देगा।

इस ट्रेन के रास्ते में श्रवणबेलगोला, हासन, सकलेशपुर, सुब्रह्मण्य रोड, कबाका पुत्तूर, मंगलुरु जंक्शन, उडुपी, कुंडापुरा, मूकांबिका रोड बायंदूर, मुरुदेश्वर, गोकर्ण रोड और कारवार प्रमुख ठहराव होंगे। प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, यशवंतपुर से ट्रेन सुबह 7:35 बजे रवाना होकर रात 8:55 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में मडगांव से सुबह 8:20 बजे रवाना होकर रात 9:15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। यह सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।

पश्चिमी घाट के खूबसूरत रास्तों से गुजरेगी ट्रेन

इस वंदे भारत का सबसे बड़ा आकर्षण सकलेशपुर से सुब्रह्मण्य रोड के बीच पश्चिमी घाट का रेल मार्ग होगा। इस क्षेत्र में पहाड़, हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता देखने को मिलती है। इस रूट पर विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद तेज और आधुनिक इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुल गया है। नई सेवा से बेंगलुरु से मंगलुरु, उडुपी, गोकर्ण, कारवार और गोवा जाने वाले यात्रियों को बेहतर रेल विकल्प मिलने की उम्मीद है।

मंगलुरु-बेंगलुरु वंदे भारत भी होगी शुरू

दूसरी सेवा मंगलुरु-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस के नाम से शुरू होगी। इसका फ्लैग ऑफ भी 13 नवंबर को होना प्रस्तावित है। हालांकि, इस दूसरी सेवा के अलग ट्रेन नंबर, विस्तृत रूट, ठहराव और समय-सारणी की आधिकारिक जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। दोनों सेवाओं की शुरुआत से कर्नाटक के तटीय क्षेत्र और राज्य की राजधानी बेंगलुरु के बीच रेल संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर पर्यटन, व्यापार और कामकाज के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों को इसका फायदा मिल सकता है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article