देश

Chhath Puja: दिल्ली में मनानी है छठ पूजा? जान लें कैसी हैं तैयारियां, जानें कहां बनेगा 11 KM लंबा घाट

Chhath Puja: दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस साल दिल्ली में 1,400 से ज्यादा घाटों पर छठ पूजा होगी। वहीं, मुनक नहर के किनारे आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट तैयार किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन 12 नवंबर को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।

Image

Chhath Puja 2026: दिल्ली में कहां करें छठ पूजा? जानें 11 KM लंबे घाट समेत क्या हैं खास इंतजाम। istock

Chhath Puja: दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ व्रतियों और उनके परिवारों को घाटों पर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।

इस साल दिल्ली में छठ पूजा का सबसे बड़ा आकर्षण मुनक नहर के किनारे तैयार किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट होगा। आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक तक बनने वाले इस घाट के दोनों तरफ सीढ़ियां बनाई जाएंगी। साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए कंक्रीट की सड़क भी तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 12 नवंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सिंगलपुर गांव के पास आयोजित कार्यक्रम में इस भव्य घाट का उद्घाटन करेंगे। इस घाट के तैयार होने से आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को छठ पूजा करने में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपराओं से जुड़ा हुआ है। सरकार की कोशिश है कि व्रतियों को सूर्य उपासना और अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें।

दिल्ली में 1,400 से ज्यादा घाटों पर होगी छठ पूजा

दिल्ली में इस साल छठ पूजा के लिए 1,400 से ज्यादा घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल 1,326 घाटों पर पूजा हुई थी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर बुनियादी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि आखिरी समय में केवल पानी भरने, टेंट लगाने और सफाई जैसे काम ही बाकी रहें। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अपने-अपने इलाकों के घाटों का नियमित निरीक्षण करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा शुरू होने से कम से कम दो दिन पहले सभी प्रमुख इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस साल 13 से 16 नवंबर तक छठ महापर्व मनाया जाएगा। नवंबर में ठंड बढ़ने की संभावना को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के मुताबिक ढके हुए टेंट लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

छठ घाटों पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं की साफ-सफाई और उपयोग की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

इसके अलावा प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सफाई कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को चौबीसों घंटे तैनात रखने को कहा गया है। घाटों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर रोशनी के इंतजाम

श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को पहुंच मार्गों का विशेष निरीक्षण करने को कहा है। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करना अनिवार्य किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कोई भी सड़क अंधेरे में नहीं रहनी चाहिए और रास्तों पर अंधेरे वाले स्थान नहीं होने चाहिए। इसके साथ ही मॉडल छठ घाटों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने तथा प्रमुख घाटों पर मुख्य सड़कों से दिखाई देने वाले स्वागत द्वार लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। सरकार चाहती है कि हर व्रती और श्रद्धालु पूरी आस्था, सम्मान और शांति के साथ इस महापर्व को मना सके। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियों की लगातार निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने छठ के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस पर्व के महत्व और श्रद्धालुओं की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article