देश

कल आ रही है सोनिया की बुक ‘Belonging: A Journey of Love’, इटली की यादों से भारतीय राजनीति तक की अनकही दास्तान

बाजार में कल यानी 10 नबंवर को सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ आएगी, इसमें निजी जिंदगी से लेकर राजनीति तक के कई अनकहे पहलुओं पर नजर रहेगी।

Image

सोनिया गांधी (फाइल फोटो)

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की संस्मरण आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ कल यानी 10 नबंवर रिलीज हो रही है। इस किताब में इटली के शुरुआती दिनों से लेकर राजीव गांधी के साथ प्यार, पारिवारिक उतार-चढ़ाव और भारतीय राजनीति के कई ऐतिहासिक संदर्भों की अनकही कहानियां दर्ज हैं।

किताब के रिलीज होने से पहले ही राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि सोनिया गांधी ने पहली बार अपनी जिंदगी, गांधी परिवार, निजी संघर्षों और देश की राजनीति से जुड़े कई अहम घटनाक्रमों को अपने नजरिए से सामने रखने की कोशिश की है।

किताब में गांधी परिवार के भीतर के निजी अनुभवों को भी जगह दी गई है

किताब में सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, प्रेम और शादी तक की कहानी शामिल है। इसके अलावा भारत आने के बाद एक नए परिवार, नई संस्कृति और नए देश में खुद को ढालने के अनुभवों का भी जिक्र है। किताब में इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्ते, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की परवरिश और गांधी परिवार के भीतर के निजी अनुभवों को भी जगह दी गई है।

जिन्होंने सोनिया गांधी की जिंदगी को गहराई से प्रभावित किया

किताब का एक अहम हिस्सा गांधी परिवार की उन त्रासदियों से जुड़ा है, जिन्होंने सोनिया गांधी की जिंदगी को गहराई से प्रभावित किया। संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या जैसे घटनाक्रमों को सोनिया गांधी ने अपने अनुभवों के आधार पर दर्ज किया है। राजनीतिक रूप से 2004 का घटनाक्रम भी किताब को खास बनाता है। लोकसभा चुनाव में यूपीए की जीत के बाद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। इस फैसले के पीछे की परिस्थितियों और अपनी सोच को लेकर भी किताब में चर्चा होने की उम्मीद है।

किताब रिलीज होने से पहले इसके प्रकाशन को लेकर भी विवाद सामने आया

किताब रिलीज होने से पहले इसके प्रकाशन को लेकर भी विवाद सामने आया। शुरुआत में Penguin Random House India को इसका प्रकाशन करना था, लेकिन कुछ अंशों और संपादकीय बदलावों को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद HarperCollins India ने किताब के भारतीय संस्करण के प्रकाशन की जिम्मेदारी संभाली। रिपोर्टों में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल, RSS, सांप्रदायिक तनाव और अल्पसंख्यकों से जुड़े संदर्भों को लेकर भी चर्चा रही है। हालांकि इन सभी अंशों की वास्तविक स्थिति किताब उपलब्ध होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

'यह कोई राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि निजी अनुभवों पर आधारित किताब'

सोनिया गांधी ने किताब के प्रचार के लिए जारी एक वीडियो में कहा था कि दशकों तक दूसरे लोग उनकी कहानी बताते रहे हैं, अब उनकी बारी है कि वह अपनी कहानी खुद सुनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बारे में कई ऐसी बातें लिखी गईं, जो सही नहीं थीं या जिन्हें बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। सोनिया गांधी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि निजी अनुभवों पर आधारित किताब है। उनके मुताबिक, इसका केंद्र उनका परिवार, प्रेम, संघर्ष, दुख और भारत से उनका जुड़ाव है।

अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि किताब में गांधी परिवार के निजी जीवन के अलावा भारतीय राजनीति के किन अनकहे पहलुओं का खुलासा होता है। खासतौर पर 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने का फैसला, मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाए जाने की परिस्थितियां और पिछले कुछ वर्षों की राजनीति को लेकर सोनिया गांधी का नजरिया क्या है, यह किताब सामने आने के बाद चर्चा का विषय बन सकता है।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article