शहर

मुरादाबाद में तेज रफ्तार का कहर, लग्जरी कार ने राहगीरों को उड़ाया, हादसे के बाद सड़क पर पलटी गाड़ी

Moradabad Accident: यूपी के मुरादाबाद में एक लग्जरी कार का कहर देखने को मिला। नशे में धूत युवकों की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया है।

Moradabad Accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नोएडा की तरह यहां भी एक लग्जरी कार का कहर देखने को मिला। नए साल के अवसर पर यहां नशे में धुत चार युवकों ने अपनी तेज रफ्तार लग्जरी कार से जमकर तांडव मचाया। थाना गलशहीद इलाके के सीधी सराय में नशे में धुत चालक ने लापरवाही में गाड़ी चलाते हुए दो राहगीरों को जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे का शिकार हुए दो युवक गंभीर रूप से घायल है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे की दिल दहला देने वाली वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश दिखाई दे रहा है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग तेज हो गई है।

हादसे के बाद भागने के प्रयास में पलटी कार

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद वहां से भागने का प्रयास कर रहे युवकों ने रास्ते में कुछ अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लिया। कार के की तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार लोग तुरंत जैसे-तैसे कार से निकले और वहां से फरार हो गए। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्से में आई भीड़ ने पलटी हुई लग्जरी कार में जमकर तोड़फोड़ की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया और मामले की जांच शुरू की।

घायलों के पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनके पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर आए हैं। गलशहीद थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार युवकों की पहचान की जा रही है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!