शहर

Moradabad Accident: नशे में धुत कार सवारों ने दो डिलीवरी बॉय को कुचला, एक की मौत; तीन दिन बाद FIR हुई दर्ज

मुरादाबाद के मझौला थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के खतरनाक नतीजों को सामने ला दिया है। दो डिलीवरी बॉय को कुचलने वाली इस घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। हैरानी की बात यह है कि हादसे के कई दिन बीतने के बावजूद आरोपी कार सवार अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

moradabad accident

अस्पताल में भर्ती घायल और क्षतिग्रस्त स्कूटर

Photo : Times Now Digital

Moradabad Accident: मुरादाबाद के मझौला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के कहर ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दो डिलीवरी बॉय को कुचलने वाली इस दर्दनाक घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक कार सवार किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

तेज रफ्तार कार ने मचाया तांडव

घटना 30 दिसंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। बुद्धिविहार क्षेत्र स्थित कंपनी के वेयरहाउस से सामान लेकर ललित चंद्रा अपने सहयोगी के साथ स्कूटर से डिलीवरी के लिए निकले थे। जैसे ही वे बुद्धिविहार से मझौला चौराहे की ओर बढ़े, सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर काफी दूर तक घिसटते हुए चला गया।

एक की मौत, दूसरा जिंदगी से जूझ रहा

हादसे में स्कूटर चला रहे ललित चंद्रा का पैर बुरी तरह टूट गया, जबकि पीछे बैठे उनके सहयोगी के पैर में भी गंभीर फ्रैक्चर हुआ। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कार सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ललित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनका सहयोगी जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार नशे की हालत में थे। पुलिस को मौके से शराब की बोतल भी मिली है, जिससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि हादसा नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने की वजह से हुआ। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार मुरादाबाद नंबर की है।

तीन दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से मृतक के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं। अब देखना यह है कि आखिर कब तक इस मामले में पीड़ित परिवारों को इंसाफ के लिए इंतजार करना पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nishant Tiwari
Nishant Tiwari author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article