शहर

हिमाचल में मानसून की मार... 385 सड़कें बंद, बिजली-पानी ठप; अभी भी नहीं थमा बारिश का दौर

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने कहर बरपा रखा है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश और भूस्खलनों के कारण प्रदेश में परिवहन, बिजली और पानी की आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ा है। भारी बारिश के चलते दो राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 385 सड़कें बंद हो गई हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित मंडी जिले में 252 सड़कें, 263 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 220 जलापूर्ति योजनाएं ठप हैं।

Image

सांकेतिक फोटो (PC-istock)

Photo : iStock

Monsoon damage Himachal: हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद दो राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) समेत कुल 385 सड़कें बंद हो गई हैं। मंडी में एनएच 70 (मंडी-कोटली मार्ग) बंद है, जबकि सिरमौर में एनएच 707 (हाटकोटी से पांवटा साहिब) भूस्खलन के बाद कई स्थानों पर बंद हो गया है। राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, आपदा प्रभावित मंडी जिले में कुल 385 सड़कों में से 252 सड़कें अवरुद्ध हैं जबकि 263 बिजली वितरण ट्रांसफॉर्मर और जलापूर्ति की 220 योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

हिमाचल में कहां-कितनी हुई बारिश

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार हिमाचल में मानसून की स्थिति सामान्य है और मंगलवार शाम से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई है। मनाली में 57 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद सराहन में 37.5 मिलीमीटर, घरमूर में 36.2 मिलीमीटर, नगरोटा सूरियां में 32.2 मिलीमीटर, आगर में 30.6 मिलीमीटर, मुरारू देवी में 29.4 मिलीमीटर, गुलेर में 27.4 मिलीमीटर, बिलासपुर में 27 मिलीमीटर, भरारी में 25.2 मिलीमीटर, काहू में 24.2 मिलीमीटर और बरथिन में 23.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

मानसून में अब तक 76 लोगों को मौत

हिमाचल प्रदेश में 22 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर अब तक वर्षाजनित घटनाओं में कम से कम 76 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 34 लोग लापता हैं। एसईओसी ने बताया कि राज्य में इस मानसून में 40 बार बाढ़, 23 बार बादल फटने और 25 बार भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं और वर्षाजनित घटनाओं में करीब 1,247 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!