शहर

Mumbai: मीरा रोड ISIS संदिग्ध मामले में जुबैर पर UAPA की कार्रवाई, सूबत मिटाने के लिए फॉर्मेट किए तीन फोन

मुंबई में मीरा रोड ISIS संदिग्ध मामले में महाराष्ट्र ATS ने आरोपी ज़ुबैर अंसारी पर UAPA के तहत केस दर्ज किया है। जांच में पता चला है कि आरोपी ने हमले से पहले विदेशों में वॉयस कॉल किए थे। बाद में उसने अपने तीन मोबाइल फोन फॉर्मेट कर दिए थे।

Image

सांकेतिक फोटो (iStock)

Photo : iStock

मुंबई के मीरा रोड में सामने आए ISIS संदिग्ध मामले में महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने 31 वर्षीय आरोपी ज़ुबैर अंसारी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को सोमवार को विशेष UAPA कोर्ट ने 11 मई तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया है।

आरोपी जुबैर की पहली पुलिस हिरासत सोमवार को खत्म हो गई। जिसके बाद उसे विशेष UAPA कोर्ट में पेश किया गया। ATS ने मामले में आगे की जांच के लिए अदालत में अतिरिक्त कस्टडी की मांग की। कोर्ट ने एजेंसी की दलीलों को स्वीकार करते हुए 11 मई तक अंसारी की हिरासत बढ़ा दी है। अब जांच एजेंसियां आरोपी के इरादे, संभावित नेटवर्क और किसी बड़ी साजिश से जुड़े पहलुओं की गहनता से जांच कर रही हैं।

आरोपी ने डेटा मिटाने के लिए मोबाइल किया फॉर्मेट

सरकारी पक्ष ने अदालत में बताया कि आरोपी से जुड़े कुछ संदिग्ध वॉइस कॉल्स और संभावित इंटरनेशनल नेटवर्क की जांच बहुत जरूरी है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि अंसारी ने सबूत मिटाने का प्रयास किया है। बताया गया कि आरोपी के पास तीन मोबाइल फोन हैं, जिन्हें उसने जब्त होने से पहले फॉर्मेट कर दिया था, जिससे अहम डेटा नष्ट हो सकता है। एजेंसियां अब यह भी जांच रही हैं कि क्या आरोपी का डार्क वेब से कोई संबंध था।

आरोपी का अबू धाबी में ऑनलाइन ट्यूशन पढ़ाने का दावा

पूछताछ के दौरान आरोपी जुबैर अंसारी ने दावा किया कि वह अबू धाबी स्थित एक संस्थान के लिए ऑनलाइन गणित और रसायन विज्ञान की ट्यूशन देता था। ATS अब उसके इस दावे की भी पुष्टि कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसका मामले से कोई संबंध है या नहीं। जांच अभी जारी है। ATS ने तीनों फोन जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेज दिए हैं, जहां से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश की जाएगी। एजेंसियां अब आरोपी की गतिविधियों, कनेक्शन और मंशा को लेकर हर एंगल से जांच कर रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article