स्पोर्ट्स

हॉकी विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तानी की टीम का ऐलान, अबु बकर बने कप्तान

पाकिस्तान ने अबु बकर महमूद की अगुवाई में हॉकी वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम के नाम का ऐलान कर दिया है।

Image

पाकिस्तान हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट AI Generated)

कराची: स्ट्राइकर अबु बकर महमूद नीदरलैंड और बेल्जियम में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले एफआईएच पुरूष हॉकी विश्व कप में पाकिस्तान की 20 सदस्यीय टीम के कप्तान होंगे । राष्ट्रीय हॉकी चयनकर्ताओं ने पूर्व कप्तान अम्माद शकील बट को भी टीम में रखा है। पीएचएफ ने अभी तक विश्व कप कोचिंग और प्रबंधन स्टाफ की घोषणा नहीं की है। पाकिस्तान आठ साल बाद विश्व कप खेल रहा है । पाकिस्तान को पूल डी में भारत, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है । उसे 15 अगस्त को एम्सटेलवीन में इंग्लैंड से पहला मैच खेलना है।

रिकॉर्ड चार बार पाकिस्तान ने जीता है विश्व कप

हॉकी विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान सबसे सफल टीम है। पाकिस्तान ने रिकॉर्ड 4 बार (1971, 1978, 1982, और 1994) विश्व कप का खिताब जीता है। पाकिस्तान ने 1971 में आयोजित हुए पहले हॉकी विश्व कप को अपने नाम किया था। पाकिस्तान की टीम रिकॉर्ड छह बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची और चार बार वह चैंपियन बनने में सफल रही।

2010 के बाद हाल हुआ बेहाल

साल 2010 के बाद से पाकिस्तान की हॉकी का बुरा दौर शुरू हो गया। साल 2010 में विश्व कप में पाकिस्तान 12वें यानी आखिरी पायदान पर रहा था। 2014 में पाकिस्तान की टीम विश्व कप के लिए इतिहास में पहली बार क्वालीफाई करने में नाकाम रही। 2018 में उसकी वापसी हुई लेकिन इस बार भी उसे 12वें स्थान से संतोष करना पड़ा। 2023 में पाकिस्तानी टीम तीसरी बार वर्ल्ड कप का टिकट कटाने में नाकाम रही। 2026 में वो एक बार फिर विश्व कप का टिकट कटाने में सफल रही है।

हॉकी विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम :

अबु बकर महमूद (कप्तान), वकार, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सूफियान खान, मोईन शकील, अब्दुल वाहिद अशरफ राणा, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, अरशद लियाकत, आदिल लतीफ, अहमद नदीम, गजांफर अली, अम्माद शकील बट, मुहम्मद हमादुद्दीन अंजुम, रहमान अब्दुल, अफराज, उमर मुस्तफा, अली रजा, अब्दुल मनन, मुहम्मद अम्माद ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article