Hathras House Fire: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद में बुधवार देर रात एक भीषण अग्निकांड हो गया। जिसमें घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब दो बजे मोहल्ला कहारान में हुआ। आग इतनी तेजी से पूरे मकान में फैल गई कि अंदर सो रहे दंपती को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रात में सोते समय मकान में लगी आग
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 70 वर्षीय शहजाद और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम के रूप में हुई है। शहजाद कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। दोनों मोहल्ला कहारान स्थित अपने मकान में रहते थे। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात खाना खाने के बाद शहजाद और सलमा बेगम सोने चले गए थे। उनका छोटा बेटा भी उनके साथ रहता है, लेकिन वह परिवार के साथ अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया हुआ था। दंपती के अन्य बच्चे अलग रहते हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय दंपती घर के अंदर सो रहे थे और आग की लपटों के बीच बुरी तरह फंस गए। जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
SDRF ने भी संभाला मोर्चा
आग लगने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। तीनों टीमों ने मिलकर आग बुझाने और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दंपती की मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ अधिकारी रजत कुमार ने बताया कि उनकी टीम वृंदावन में ड्यूटी पर थी। सादाबाद में मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही वह जवानों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मकान में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
