Yamuna Expressway Accident/ मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर लघुशंका को बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंद दिया। इस हादसे में छह की दुखद मृत्यु हो गई। दरअसल, यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह टॉयलेट करने बस से उतरे यात्रियों को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही छह यात्रियों की मृत्यु हो गई, जबकि एक यात्री घायल हो गया। यह घटना सुबह करीब पौने तीन बजे की है।
बताया गया कि बस दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी। सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास यात्रियों ने बस को रोकने के लिए कहा। वे लघुशंका के लिए उतरना चाहते थे, जहां चालक ने बस को ग्रीन जोन में न रोककर रास्ते में ही बस रोक दी। यात्री बस से नीचे उतरकर टॉयलेट करने लगे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। मौके पर ही औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश,कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम , दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष व दो अन्य लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे घायल हो गए।
'महादेव, मेरी जिंदगी में अब बचा ही क्या है'
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार रात एक युवती ने पांचवी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव की है। उसने बताया कि युवती के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है।
ईकोटेक-3 थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से जौनपुर निवासी बरखा सिंह(30) जलपुरा गांव में ट्विंस बिल्डिंग में अपनी नानी के पास बचपन से रहती थी। युवती की मां की मौत हो चुकी थी और पिता अलग रहते हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे युवती अपने फ्लैट की छत पर गई और वहां से कूदकर आत्महत्या कर ली। सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा गया है, ’महादेव, मेरी जिंदगी में अब बचा ही क्या है। मैं अब जीना नहीं चाहती। मेरी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।' परिजनों ने बताया कि युवती पिछले कई दिन से मानसिक रूप से तनाव में थी। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उसने बताया कि परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
