मथुरा : बांके बिहारी मंदिर पर अब झगड़े आम हो गए हैं। यहां कभी श्रद्धालु, कभी सुरक्षा कर्मी और कभी पुलिस कर्मी तो कभी गोस्वामियों के विवाद सामने आते रहते हैं। ऐसा ही शुक्रवार की दोपहर देखने को मिला, जब यहां दिल्ली से दर्शन करने आए श्रद्धालु दर्शन करने के बाद निकास द्वार के पास खड़े हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने उनको हटाने का प्रयास किया तो वह नाराज हो गए और तकरार करने लगे। श्रद्धालु और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
4 नंबर गेट के पास हुई तकरार
दरअसल, दिल्ली निवासी नकुल गौतम अपने परिवार के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन करने आए थे। उन्होंने 2 नंबर गेट से मंदिर में प्रवेश किया। दर्शन करने के बाद वह अपनी मां, भाभी और बहन के साथ 4 नंबर गेट से बाहर आए और मंदिर से बाहर आने के बाद वह कुछ देर के लिए वहां खड़े हो गए। अनंत चतुर्दशी होने के कारण मंदिर पर भीड़ थी। गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मी कृष्ण कुमार ने उनसे आगे बढ़ने के लिए कहा तो उनके बीच बात विवाद होने लगा।
कहासुनी में हुई मारपीट
सुरक्षा कर्मी द्वारा आगे बढ़ने के लिए कहना नकुल को नागवार गुजरा। नकुल की इस बात को लेकर सुरक्षाकर्मी से विवाद हो गया, जिसके बाद कहासुनी हुई और झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस कर्मी एक दूसरे को अलग करते नजर आए। आरोप है कि महिला श्रद्धालु भी झगड़े पर आमादा थीं, जिसकी वजह से महिला सुरक्षाकर्मी भी वहां आ गई और मामले को शांत करने का प्रयास करने लगीं।
मौके पर पहुंची पुलिस
झगड़े की सूचना पर बांके बिहारी पुलिस चौकी प्रभारी शिव कुमार शर्मा मंदिर पहुंच गए। उन्होंने दोनों को अलग किया और चौकी ले आए। जहां कुछ देर तक दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए। इसके बाद जब गुस्सा शांत हुआ तो दोनों पक्षों ने अपनी अपनी गलती मानते हुए माफीनामा लिखकर पुलिस को दे दिया।
