Difference Between Expiry Date and Best Before: बाजार से खाने-पीने का सामान खरीदते समय ज्यादातर लोग उसकी कीमत, ब्रांड और पैकेट पर लिखी तारीख जरूर देखते हैं। हालांकि, बहुत से लोग Expiry Date और Best Before को एक ही समझ लेते हैं। जबकि इन दोनों का मतलब अलग-अलग होता है। अगर आप भी अब तक इन दोनों तारीखों को एक जैसा मानते आए हैं, तो इनके बीच का अंतर समझना जरूरी है। इससे आप खाने-पीने की चीजों को लेकर सही फैसला ले सकेंगे-
क्या होती है Expiry Date?
Expiry Date का मतलब किसी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने की आखिरी तारीख से है। इस तारीख के बाद कंपनी उस प्रोडक्ट की सुरक्षा और क्वालिटी की गारंटी नहीं देती। खासकर खाने-पीने की चीजों के मामले में एक्सपायरी डेट निकलने के बाद उनका इस्तेमाल करना सही नहीं माना जाता।
उदाहरण के लिए अगर आपने दूध का एक पैकेट खरीदा है और उस पर Expiry Date 15 नवंबर 2026 लिखी है, तो आपको इसे निर्धारित तारीख तक ही इस्तेमाल करना चाहिए। इसके बाद दूध में बैक्टीरिया पनपने और खराब होने का खतरा हो सकता है। इसी तरह दवाइयों और कुछ दूसरे प्रोडक्ट्स की एक्सपायरी डेट का भी खास ध्यान रखना चाहिए।
क्या होता है Best Before?
Best Before का मतलब है कि किसी प्रोडक्ट की सबसे अच्छी क्वालिटी कितने समय तक बनी रहेगी। इस तारीख तक सामान का स्वाद, खुशबू, रंग और टेक्सचर बेहतर रहने की उम्मीद होती है। हालांकि, Best Before की तारीख निकलने का मतलब यह नहीं है कि प्रोडक्ट तुरंत खराब या असुरक्षित हो गया है।
उदाहरण के लिए, अगर बिस्किट के पैकेट पर Best Before 15 नवंबर 2026 लिखा है, तो इस तारीख तक बिस्कुट का स्वाद और कुरकुरापन बेहतर रहने की उम्मीद है। इसके बाद अगर पैकेट सही तरीके से सीलबंद और स्टोर किया गया है, तो बिस्किट खाया जा सकता है। लेकिन इस्तेमाल से पहले उनकी गंध, रंग और बनावट जरूर जांचें।
दोनों में क्या है सबसे बड़ा अंतर?
Expiry Date का संबंध मुख्य रूप से प्रोडक्ट की सुरक्षा से है, जबकि Best Before का संबंध सामान की क्वालिटी से है। एक्सपायरी डेट निकलने के बाद सामान का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। वहीं Best Before निकलने के बाद प्रोडक्ट की क्वालिटी कम हो सकती है, लेकिन सही स्टोरेज की स्थिति में वह कुछ समय तक इस्तेमाल योग्य रह सकता है।
सामान खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
- पैकेट पर लिखी तारीख को हमेशा ध्यान से पढ़ें।
- दूध, दही और अन्य जल्दी खराब होने वाली चीजों को सही तापमान पर रखें।
- पैकेट खुलने के बाद स्टोरेज से जुड़े निर्देशों का पालन करें।
- खाने की चीजों में फफूंद, बदबू या असामान्य बदलाव दिखे तो उन्हें इस्तेमाल न करें।
- सिर्फ सूंघकर या चखकर किसी प्रोडक्ट को सुरक्षित न मानें।
