शहर

शिमला के शीरगुली गांव में भीषण अग्निकांड; देखते ही देखते लपटों ने 3 घरों को निगला, करोड़ों की संपत्ति हुई स्वाहा

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के शीरगुली गांव में बुधवार को भीषण आग लगने से तीन रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। तेज हवाओं और लकड़ी से बने घरों के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।

Image

शिमला में भीषण आग का कहर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Shimla Fire News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के बलसन क्षेत्र स्थित शीरगुली गांव में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तीन आवासीय मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों-करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत लायक राम बकसेठ के घर से हुई थी। तेज हवाओं और लकड़ी से बने मकानों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पास के दो अन्य घर भी इसकी जद में आ गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते उस पर काबू पाना बेहद कठिन साबित हुआ।

पूरे इलाके में मचा हड़कंप

शीरगुली गांव चारों ओर से बाग-बगीचों से घिरा हुआ है। आग लगने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तथा बागवान दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने घरों से जरूरी सामान बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के कारण अधिकांश सामान को सुरक्षित नहीं बचाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की चपेट में आए तीनों मकान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गए।

करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय निवासियों के सहयोग से आग को अन्य मकानों और बगीचों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। शुरुआती आकलन में करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आई है। आग में मकानों के अलावा घरेलू उपयोग का सामान, फर्नीचर और कई अन्य कीमती वस्तुएं भी राख हो गईं।

आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं

प्रशासन ने नुकसान का विस्तृत आकलन शुरू कर दिया है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और संबंधित एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि इस हादसे के बाद पूरे गांव में चिंता, भय और मायूसी का माहौल बना हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article